Irfan Pathan Rashid Khan Dinner: अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान ने भारत के पठान ब्रदर्स यानि इरफान पठान और यूसुफ पठान के लिए अपने दुबई वाले घर पर एक शानदार और पारंपरिक अफगानी दावत का आयोजन किया। हम सभी जानते हैं कि राशिद खान और इरफान पठान के बीच गहरी दोस्ती है और दोनों सोशल मीडिया पर अक्सर एक-दूसरे के साथ मस्ती करते नजर आते हैं। वहीं इरफान पठान भी अफगानिस्तान से प्यार कई बार दिखा चुके हैं। आपने भी अफगानिस्तान जीत पर इरफान पठान का डांस वाला सेलिब्रेशन जरूर देखा होगा।
राशिद खान ने दावत पर बुलाया
इसी दोस्ती को आगे बढ़ाते हुए राशिद खान ने इरफान और यूसुफ को अपने घर बुलाया। दरअसल, इरफान और यूसुफ इन दिनों अपने परिवार के साथ दुबई में छुट्टियां मना रहे हैं। जैसे ही राशिद को यह बात पता चली, उन्होंने अपने दुबई वाले घर में डिनर पार्टी रखी, जिसमें इरफान पठान और उनके बड़े भाई यूसुफ पठान को खासतौर पर बुलाया गया। इरफान पठान ने सोशल मीडिया पर इस दावत की कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए। इसके साथ ही उन्होंने राशिद खान की खातिरदारी को भी सराहा।
इरफान पठान ने शेयर किया वीडियो
इरफान पठाने ने खाने के अनोखे स्वाद और मेहमाननवाजी की दिल खोलकर तारीफ की। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘हमने बहुत ही जबरदस्त अफगानी दावत का मजा लिया। हर डिश का अपना अलग ही स्वाद था, लेकिन जिस चीज ने इसे और भी खास बना दिया, वह था हर चीज में शामिल प्यार और अपनापन। राशिद मेरे भाई, अभी भी उस खाने के बारे में सोच रहा हूं।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘राशिद और लयलोमा भाभी कितने शानदार होस्ट हैं!’ आप देख पाएंगे कि राशिद के आलीशान घर में दस्तरख्वान सजाया गया था।
कौन हैं लयलोमा भाभी?
राशिद खान ने 2 अगस्त 2025 को अपनी शादी की जानकारी इंस्टाग्राम पर दी थी। उन्होंने लिखा था, ‘मैं हाल ही में अपनी पत्नी को एक चैरिटी इवेंट में ले गया और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग अनाप-शनाप बातें बना रहे हैं। सच्चाई सीधी है, वह मेरी पत्नी है और हमारे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है।’ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक लयलोमा एक अफगान मॉडल हैं, हालांकि राशिद ने प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए कभी अपनी पत्नी के साथ कोई फोटो शेयर नहीं की।
