क्रिकेट

IPL 2027: जहीर खान से पहले आशीष नेहरा को हेड कोच बनाना चाहती थी CSK, अश्विन ने किया बड़ा खुलासा, जानिए कहां फंस गई डील!

Ravichandran Ashwin Revelation On CSK Head Coach: भारतीय क्रिकेट टीम और चेन्नई सुपर किंग्स के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने एक बड़ा खुलासा व दावा किया है। उनके मुताबिक बेशक हाल में जहीर खान को चेन्नई सुपर किंग्स का मुख्य कोच नियुक्त कर लिया गया था, लेकिन उनसे पहले इस पद के लिए आशीष नेहरा से संपर्क किया गया था।

Image

रविचंद्रन अश्विन का CSK कोच को लेकर बड़ा खुलासा (RCB/CSK/PTI)

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 2027 सीजन से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कोचिंग खेमे को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा खुलासा किया है कि 17 साल तक टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के हटने के बाद CSK ने गुजरात टाइटंस (GT) के मौजूदा हेड कोच आशीष नेहरा से संपर्क साधा था। हालांकि, अनुबंध की कुछ विशेष शर्तों के कारण यह डील पक्की नहीं हो सकी।

हाल ही में CSK ने पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज जहीर खान को 2027 सीजन के लिए एक साल के अनुबंध पर अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। यह आगामी मेगा ऑक्शन चक्र से पहले का अंतिम सीज़न होगा।

अश्विन का दावा, कई दिग्गजों से हुई थी बात

अपने आधिकारिक YouTube चैनल 'Ash ki Baat' पर बात करते हुए अश्विन ने बताया कि फ्लेमिंग का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स फ्रेंचाइजी ने कई भारतीय और विदेशी दिग्गजों से कोचिंग पद के लिए बातचीत की थी। अश्विन के अनुसार, "कई कोचों से बातचीत हुई थी। अगर मैं गलत नहीं हूं, तो आशीष नेहरा का नाम भी चर्चा में था। दो अन्य भारतीय दिग्गजों और कुछ विदेशी खिलाड़ियों से भी बात हुई थी, लेकिन अलग-अलग कारणों से बात नहीं बन सकी।"

शर्तों और प्राथमिकताओं का जिक्र करते हुए अश्विन ने कहा कि कुछ विदेशी कोच एक साल के शॉर्ट-टर्म कॉन्ट्रैक्ट के लिए तैयार नहीं थे। वहीं, एक मामले में डील लगभग पक्की हो गई थी, लेकिन फ्रेंचाइजी की शर्त थी कि कोच CSK के अलावा अन्य किसी इंटरनेशनल टी20 टूर्नामेंट में काम नहीं कर सकते, जिससे कोच को वित्तीय नुकसान हो सकता था।

नेहरा का CSK से पुराना नाता और शानदार रिकॉर्ड

गौर करने वाली बात यह है कि आशीष नेहरा 2014 और 2015 में बतौर खिलाड़ी चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं। इसके बाद भारतीय टीम में उनकी सफल वापसी में भी इस कार्यकाल की अहम भूमिका रही थी। कोचिंग के मोर्चे पर नेहरा का ट्रैक रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। साल 2022 में गुजरात टाइटंस के गठन के बाद से ही वे टीम के हेड कोच हैं। अपने पहले ही आईपीएल सीजन (2022) में उन्होंने गुजरात टाइटंस को हार्दिक पांड्या की अगुवाई में आईपीएल का खिताब जिताया था और IPL इतिहास में ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय हेड कोच बने थे। उनके मार्गदर्शन में टाइटंस ने तीन बार फाइनल खेला है और चार बार प्लेऑफ में जगह बनाई है।

ज़हीर खान का चयन, धोनी के साथ बेहतर तालमेल

अश्विन ने जहीर खान को CSK का नया हेड कोच बनाए जाने के फैसले की जमकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि एमएस धोनी और जहीर खान की आपसी समझ और अनुभव टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। अश्विन ने कहा, "जहीर खान का चुनाव बेहतरीन है। वे समझदार इंसान हैं, क्रिकेट की बारीकियां समझते हैं और टीम में आसानी से घुल-मिल जाएंगे। धोनी के साथ उनके संबंध बहुत अच्छे हैं। हेड कोच के तौर पर जहीर के लिए यह नई शुरुआत होगी, लेकिन काम का तरीका काफी हद तक वैसा ही रहेगा। धोनी और जहीर की जोड़ी टीम को एक ही दिशा में आगे ले जाएगी।" जहीर खान के मार्गदर्शन में चेन्नई सुपर किंग्स 2027 के इस बदलाव वाले सीजन में अपनी लय बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article