नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग को एक और करारा झटका लगा जब श्रीलंका के कप्तान और हरफनमौला दसुन शनाका ने आगामी इंडियन प्रीमियर लीग में चोटिल सैम कुरेन की जगह राजस्थान रॉयल्स से जुड़ने का फैसला किया। इससे पहले जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने मुस्ताफिजूर रहमान की जगह कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा बनने के लिये इस्लामाबाद युनाइटेड के साथ करार तोड़ा था।
जल्द करेंगे करार पर हस्ताक्षर
टीम के एक सूत्र ने बताया, 'पीएसएल के साथ औपचारिकतायें पूरी होने के बाद दासुन आईपीएल करार पर हस्ताक्षर करेंगे। यह औपचारिकता मात्र है । वह गुवाहाटी में टीम से जुड़ेंगे।'रॉयल्स को गुवाहाटी में पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेलना है। शनाका की कप्तानी में सह मेजबान श्रीलंका टी20 विश्व कप सुपर आठ चरण से बाहर हो गई थी।
मिनी ऑक्शन में अनसोल्ड रहे थे शनाका
आईपीएल की दिसंबर में हुए मिनी ऑक्शन में शनाका को किसी ने खरीदा नहीं था। शनाका आईपीएल की नीलामी में 75 लाख रुपये के बेस प्राइज के साथ उतरे थे। बतौर ऑलराउंडर और फिनिशर खेलने वाले शनाका को कोई खरीदार नहीं मिला। पीएसएल में वह लाहौर कलंदर्स टीम से जुड़े थे। रॉयल्स के मुख्य कोच श्रीलंका के पूर्व धुरंधर कुमार संगकारा हैं जबकि भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ सहायक कोच हैं। राठौड़ टी20 विश्व कप में श्रीलंका के बल्लेबाजी सलाहकार कोच थे। शनाका को आईपीएल 2026 में खेलने के लिए कितनी राशि मिलेगी इसका खुलासा अबतक नहीं हुआ है।
ऐसा रहा है शनाका का आईपीएल करियर
शनाका के पास आईपीएल में खेलने का ज्यादा अनुभव नहीं है। वो साल 2023 में गुजरात टाइटन्स की ओर से खेले थे। सीजन में उन्हें तीन मैच खेलने का मौका मिला था। 3 मैच में एक बार नाबाद रहते हुए उन्होंने 26 रन 100 के औसत और 13 के औसत से बनाए थे। उन्हें गेंदबाजी का मौका नहीं मिला था।
(भाषा)
