शहर

कमजोर पड़ा चक्रवात 'अकवान', फिर भी बिहार-झारखंड-बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में घने कोहरे की चेतावनी

Aaj Ka Mausam: आज शनिवार 21 नवंबर को चक्रवाती तूफान अकवान के कमजोर पड़ने के बावजूद बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अलर्ट है। वहीं दिल्ली-एनसीआर, यूपी और पंजाब में कोहरे और ठंड का असर दिखेगा।

Image

आज कई राज्यों ंमें बारिश की संभावना

Photo : Times Now Digital

Weather Update 21 November (आज का मौसम कैसा रहेगा): आज, शनिवार को देश के मौसम में दो बड़े और अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान 'अकवान' (Cyclone Akvan) गोपालपुर के पास तट पार करने के बाद धीरे-धीरे कमजोर पड़कर निम्न दबाव के क्षेत्र की ओर बढ़ रहा है, लेकिन इसके बादलों और नमी के कारण पूर्वी और मध्य भारत में बारिश का असर बना हुआ है। दूसरी ओर, उत्तर भारत में सर्दी ने पांव पसारने शुरू कर दिए हैं और सुबह के समय कोहरा और धुंध लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहे हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज ओडिशा, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के साथ-साथ पूर्वोत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव रह सकता है।

अकवान कमजोर पड़ा, पर पूर्वी भारत में बारिश जारी

उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों पर दस्तक देने के बाद चक्रवात अकवान उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में आगे बढ़ते हुए गहरे अवदाब और अवदाब के रास्ते साफ निम्न दबाव के क्षेत्र में बदल रहा है। रफ्तार भले घट रही हो, लेकिन इससे जुड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए अहम हैं।

ओडिशा और आंध्र प्रदेश: ओडिशा में मूसलाधार बारिश के बाद आज बारिश की तीव्रता कुछ कम हो सकती है, हालांकि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

पश्चिम बंगाल और सिक्किम: गंगीय पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों, कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है, जबकि उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज के साथ भारी बारिश की संभावना है।

बिहार और झारखंड में मौसम का मिजाज

चक्रवाती सिस्टम के प्रभाव से बिहार और झारखंड में आज मौसम बदला हुआ है। IMD के मुताबिक, 21 नवंबर को बिहार के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और दक्षिण-पूर्वी बिहार में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। पटना मौसम केंद्र ने भारी बारिश, आकाशीय बिजली और गरज के साथ तेज हवाओं की चेतावनी दी है। पटना, नालंदा, गया, जहानाबाद, नवादा, बेगूसराय के अलावा लखीसराय, शेखपुरा, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर समेत 10 से ज्यादा जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।

झारखंड में 20 नवंबर को कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। जमशेदपुर एयरपोर्ट पर सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे में 2 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई और रांची में भी झमाझम बारिश हुई। आज भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। बादलों और बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आने से दिन में भी ठंड का अहसास हो सकता है।

पूर्वोत्तर और मध्य भारत का हाल

पूर्वोत्तर राज्य: पूर्वी बांग्लादेश और पूर्वोत्तर असम के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के असर से असम और मेघालय में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी व्यापक स्तर पर बारिश होने के आसार हैं।

छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश: छत्तीसगढ़ में 21 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों (विशेषकर पूर्वी हिस्सों) में 21 और 22 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का असर दिख सकता है।

उत्तर भारत: दिल्ली-NCR, यूपी और पंजाब में कोहरे की चेतावनी

उत्तर भारत में ठंड के साथ सुबह का कोहरा अब यातायात को प्रभावित करने लगा है। दिल्ली-NCR में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है और सुबह के समय अधिकांश हिस्सों में हल्का से मध्यम कोहरा और धुंध छाने का अनुमान है, जिससे कहीं-कहीं दृश्यता घट सकती है। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद अगले दिनों में न्यूनतम तापमान फिर 2 से 3 डिग्री गिरने का अनुमान है। हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में भी 20 से 22 नवंबर तक घने कोहरे की चेतावनी है।

वहीं आज उत्तर प्रदेश में मौसम के दो रूप दिखेंगे। पश्चिमी यूपी (गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, आगरा आदि) में सुबह हल्का-मध्यम कोहरा छाने के बाद मौसम मुख्यतः शुष्क रह सकता है और दिन में धूप निकल सकती है। वहीं पूर्वी यूपी (लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, प्रयागराज आदि) में चक्रवाती सिस्टम के बाहरी बादलों के प्रभाव से गरज-चमक, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी है। इसके अलावा 21 से 23 नवंबर के बीच पश्चिमी यूपी और 22 से 23 नवंबर को पूर्वी यूपी समेत पूरे प्रदेश में घने कोहरे की संभावना जताई गई है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article