दुनिया

'केवल गतिरोध खत्म करने के लिए US से समझौता नहीं करेंगे, युद्ध न होने की गारंटी मिले', डील पर ईरानी विदेश मंत्री का बड़ा बयान

परमाणु मुद्दे पर अब्बास अराघची ने कहा कि 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर बातचीत से समाधान संभव है, लेकिन इस सामग्री को देश से बाहर भेजने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि संवर्धन पर 'उचित' फॉर्मूला निकल सकता है।

Image

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची।

Abbas Araghchi: ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने गुरुवार को कहा कि तेहरान अमेरिका के साथ सिर्फ मौजूदा गतिरोध खत्म करने के लिए कोई भी समझौता स्वीकार नहीं करेगा। ईरान के सरकारी अखबार को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि कोई भी डील ईरान के राष्ट्रीय हितों की रक्षा करे और दोबारा युद्ध न होने की गारंटी दे। अल जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक अराघची ने कहा कि ईरान 'अच्छा, सम्मानजनक और टिकाऊ समझौता' चाहता है न कि 'न युद्ध, न शांति' वाली मौजूदा स्थिति।

हर समझौता स्वीकार करने लायक नहीं होता-अराघची

ईरानी विदेश मंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा, 'आज समझौता करने का क्या मतलब, अगर दो महीने बाद उसका उल्लंघन हो जाए और जंग फिर शुरू हो जाए?' उन्होंने याद दिलाया कि जून के संघर्षविराम समझौते के सिर्फ 15 दिन बाद लड़ाई फिर शुरू हो गई थी। उनके शब्दों में, 'हर समझौता सिर्फ मौजूदा हालात से निकलने के लिए स्वीकार करने लायक नहीं होता।'

'संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर बातचीत से समाधान संभव'

ईरानी विदेश मंत्री के मुताबिक, किसी भी समझौते में ऐसी रियायतें नहीं होनी चाहिए जिन्हें वॉशिंगटन अपनी जीत के तौर पर पेश कर सके। परमाणु मुद्दे पर अराघची ने कहा कि 60 प्रतिशत तक संवर्धित यूरेनियम के भंडार पर बातचीत से समाधान संभव है, लेकिन इस सामग्री को देश से बाहर भेजने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि संवर्धन पर 'उचित' फॉर्मूला निकल सकता है, पर इसे बाकी मांगों से अलग करके नहीं देखा जा सकता। यह एक व्यापक समझौते का हिस्सा होना चाहिए। मध्यस्थों ने यूरेनियम भंडार को लेकर कई प्रस्ताव रखे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान की आधिकारिक परमाणु नीति में कोई बदलाव नहीं हुआ है, हालांकि विशेषज्ञ इस पर चर्चा जारी रखे हुए हैं।

हमें अब भी कूटनीति से उम्मीद-ईरानी विदेश मंत्री

फैसले की प्रक्रिया पर उन्होंने बताया कि प्रस्तावित समझौतों की समीक्षा सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल की वार्ता समिति करेगी, उसके बाद परिषद अंतिम मंजूरी देगी। अराघची ने पुष्टि की कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच कतर और पाकिस्तान के जरिए संदेशों और प्रस्तावों का आदान-प्रदान जारी है। उन्होंने कहा, 'हम कूटनीति वाले लोग हैं और हमें अब भी कूटनीति से उम्मीद है।' उन्होंने क्षेत्रीय सुरक्षा में ज्यादा सहयोग की वकालत करते हुए कहा कि बाहरी सेनाओं पर निर्भरता स्थायी स्थिरता के लिए काफी नहीं है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article