क्रिकेट

गंभीर की सलाह से गुरबाज ने भारत के खिलाफ ठोक दिया शतक, अफगान बल्लेबाज ने खुद किया खुलासा

भारत के खिलाफ वनडे में अपना पहला शतक जड़ने वाले अफगानिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतकीय पारी का श्रेय भारतीय कोच गौतम गंभीर को दिया। आपको बता दें कि गंभीर के साथ गुरबाज केकेआर में वक्त गुजार चुके हैं।

Image

गौतम गंभीर (साभार-X)

IND vs AFG: अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने भारत के खिलाफ पहले एकदिवसीय मैच में 51 गेंदों पर 102 रन की शानदार पारी खेलने के बाद अपनी सफलता का श्रेय भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की सलाह को दिया। गुरबाज ने एचपीसीए स्टेडियम में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए आठ छक्के और आठ चौके लगाए तथा अपने एकदिवसीय करियर का नौवां शतक जड़ा। उनके अलावा अफगानिस्तान का कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों का सामना नहीं कर सका और पूरी टीम बारिश से प्रभावित 25-25 ओवर के मैच में 24.5 ओवर में 194 रन पर सिमट गई।

गुरबाज ने बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स में साथ रहने के दौरान बने संबंधों के कारण उन्होंने गौतम गंभीर से बातचीत की थी, जिसका उन्हें काफी फायदा मिला। यह बातचीत मुल्लांपुर में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में अफगानिस्तान की पारी और 300 रन की हार के बाद हुई थी।

गंभीर से हुई थी बात

गुरबाज ने कहा, ’’टेस्ट मैच के बाद मेरी गौतम गंभीर सर से बहुत अच्छी बातचीत हुई और उससे मुझे काफी मदद मिली। मैंने नेट सत्र में उनकी सलाह पर काम किया और इसके लिए मैं उनका आभारी हूं। मैंने उनसे कहा था कि मैं अपने शॉट चयन में सुधार करना चाहता हूं। उन्होंने कुछ सकारात्मक सुझाव दिए, जिन्हें मैं आज मैदान पर लागू कर सका।’’ उन्होंने कहा, "मेरा लक्ष्य सकारात्मक क्रिकेट खेलना था। हमें पता था कि यह 25 ओवर का मैच है, लेकिन मुझे अपने खेल पर भरोसा था। मैं सिर्फ टीम के लिए खेलना चाहता था और अपनी योजना पर कायम रहा।’’

भारत के खिलाफ गुरबाज का शतक

गुरबाज ने कहा कि भारत में भारत के खिलाफ शतक लगाना उनके लिए बेहद खास है, लेकिन यह उनकी मेहनत और तैयारी का नतीजा है। उन्होंने पिच के बारे में कहा, "तेज गेंदबाजों के खिलाफ बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान थी, लेकिन स्पिनरों के लिए पिच में काफी मदद थी। गेंद टर्न ले रही थी और स्पिनरों को सहायता मिल रही थी। यदि स्पिनर अच्छी गेंदबाजी करें तो वे मैच पर बड़ा असर डाल सकते हैं।" भारत की ओर से पदार्पण कर रहे गेंदबाज गुरनूर बरार और हर्ष दुबे ने तीन-तीन विकेट लेकर अफगान बल्लेबाजी को झकझोर दिया जिससे टीम 200 रन के आंकड़े तक पहुंचने में नाकाम रही।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article