Raghu Sharma MI vs CSK, IPL 2026: मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच IPL 2026 का 44वां मुकाबला खेला जा रहा है। इस मैच में मुंबई की तरफ से लेग स्पिनर रघु शर्मा अपना आईपीएल डेब्यू कर रहे हैं। वह घरेलू क्रिकेट में पंजाब की तरफ से खेलते हैं। चेन्नई के MA चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस से पहले मुंबई के कप्तान हार्दिक पांड्या ने उन्हें मुंबई इंडियंस की कैप दी। रघु शर्मा को पिछले साल मुंबई इंडियंस ने चोटिल विग्नेश पुथुर की जगह 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, उस सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था।
MI के लिए डेब्यू कर रहे रघु शर्मा
रघु शर्मा का जन्म 11 मार्च 1993 को पंजाब के जालंधर में हुआ है। वह एक अनुशासित दाएं हाथ के लेग-ब्रेक गेंदबाज हैं। जो अपनी गेंदबाजी में नियंत्रण और पारंपरिक फ्लाइट के लिए जाने जाते हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले शर्मा ने पंजाब, पुडुचेरी और हाल ही में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया है। वहां उन्होंने 2024-25 की रणजी ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश के खिलाफ एक मैच में अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी थी।
मुंबई ने 30 लाख रुपये में टीम में किया था शामिल
मुंबई इंडियंस ने 2025 के मेगा ऑक्शन में उन्हें 30 लाख रुपये में टीम में शामिल करने के बाद साल 2026 सीजन के लिए भी रिटेन किया। यह पहला मौका है, जब 26 साल के शर्मा को एक हाई-प्रेशर वाले माहौल में अपने कौशल को निखारने का मौका मिला है। इस मैच में उन्हें मयंक मार्कंडे की जगह पर टीम में तरजीह दी गई है। बता दें कि मुंबई का इस सीजन प्रदर्शन कोई खास नहीं रहा है। मुंबई इंडियन्स को अबतक खेले 8 मैच में 2 में जीत मिली है जबकि 6 में उसे हार का मुंह देखना पड़ा है। उसके खाते में 4 अंक -0.784 के नेट रन रेट के साथ है और एमआई अंक तालिका में नौवें पायदान पर है।
