शहर

पन्ना में वन भूमि को लेकर मचा बवाल, अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग की टीम और ग्रामीणों में भिड़ंत, दो वनकर्मी समेत कई घायल

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने पहुंची वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। अजयगढ़ रेंज के ग्राम पेराहा में शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए।

Image

झड़प में दो वनकर्मी भी हुए घायल

Panna News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वन भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान वन विभाग और ग्रामीणों के बीच हिंसक टकराव हो गया। उत्तर वन मंडल के अजयगढ़ रेंज अंतर्गत ग्राम पेराहा में हुई इस घटना में महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पन्ना और अजयगढ़ भेजा गया। इस संघर्ष में वन विभाग के दो कर्मचारी भी घायल बताए जा रहे हैं।

30 हेक्टेयर वन भूमि पर कब्जे का मामला

जानकारी के अनुसार, ग्राम पेराहा में लगभग 30 हेक्टेयर वन भूमि पर एक समाज के लोग लंबे समय से खेती कर रहे थे। इस जमीन से कब्जा हटाने को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुका था, जिसके चलते पूर्व में कार्रवाई सफल नहीं हो सकी थी। इस बार वन विभाग ने छतरपुर और पन्ना रेंज के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।

दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई हिंसक झड़प

विभाग की ओर से जमीन को कब्जे से मुक्त कराने के बाद वहां पौधरोपण का काम भी शुरू कराया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प शुरू हो गई। हालात ऐसे हो गए कि कई लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल पहुंचाना पड़ा।

20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की बात सामने आई

अस्पताल में भर्ती ग्रामीण विनोद पटेल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के सुबह कार्रवाई शुरू कर दी। उन्होंने दावा किया कि विरोध करने पर महिलाओं और ग्रामीणों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की गई। इस घटना में सोना पटेल, विनोद पटेल, दिनेश पटेल, राधा पटेल और रजनीश पटेल समेत 20 से अधिक लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी

वहीं, वन विभाग का कहना है कि ग्रामीणों की ओर से अचानक किए गए हमले में देवेंद्रनगर के वन रक्षक बसंत लाला वर्मा और पवई रेंज की वनपाल भारती कुमारी घायल हो गईं। फिलहाल प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में लेने का दावा किया है। पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें