क्रिकेट

Vaibhav Sooryavanshi Controversy: वैभव सूर्यवंशी के विवाद पर अश्विन का रिएक्शन, बोले- श्रीलंका ने जो किया वह...

इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए मैच में कंट्रोवर्सी हो गई। भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़ गए। विवाद में तिलक वर्मा भी थे, लेकिन धक्का-मुक्की के चलते वैभव सूर्यवंशी टारगेट पर आ गए। इतना ही नहीं, खराब रोशनी में सुपर ओवर खेलना और नो-बॉल को लेकर भी अंपायरिंग विवादों का मुद्दा तूल पकड़ गया है।

Image

आर अश्विन ने वैभव सूर्यवंशी के झगड़े पर कही बड़ी बात। फाइल फोटो

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। इंडिया-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए मैच में कंट्रोवर्सी हो गई। भारत के 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से भिड़ गए। उनका खिलाड़ियों के साथ धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब इस विवाद पर टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर आर अश्विन ने भी अपने विचार साझा किए हैं।

दांबुला के रंगिरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर इंडिया-ए और श्रीलंका ए की बीच ट्राई नेशन ए वनडे सीरीज का अहम मुकाबला खेला गया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सूर्यांश और विप्रज निगम की 8वीं विकेट के लिए हुई 104 रनों की साझेदारी ने बोर्ड पर 265 रन लगाए। दोनों ही बल्लेबाजों ने अर्धशतकीय पारी खेली।

सुपर ओवर के पहले से शुरू हुआ विवाद

इसके जवाब में उतरी श्रीलंका की टीम ने सदीरा समरविक्रमा के 93 रन की बदौलत मैच में बराबरी की। मैच टाई होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा और अंपायर्स के बीच लंबी बहस हुई। इसके बाद सुपर ओवर शुरू हुआ। सुपर ओवर में नो-बॉल को भी लेकर विवाद हुआ।

नो-बॉल कंट्रोवर्सी ने आग में डाला घी

दरअसल, भारत की तरफ से अरशद खान सुपर ओवर में गेंदबाजी करने आए। ओवर की आखिरी गेंद को अंपायरों ने नो-बॉल करार दी। अंपायर्स का मानना था कि गेंद कमर की ऊंचाई पर थी। तिलक वर्मा इस फैसले से काफी नाराज दिखे और उन्होंने अंपायर्स से लंबी बहस की। इसके बाद भारत सुपर ओवर में 6 रन से हार गया। पवेलियन लौटते समय उनकी श्रीलंकाई खिलाड़ियों से बहस हो गई और वैभव ने श्रीलंका के विशेन को धक्का दे दिया।

'श्रीलंका ने जो किया वह माइंड गेम'

अब विवाद पर अश्विन ने एक्स हैंडल (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा, इन मैचों में उतने कैमरे नहीं होंगे जितने हम आईपीएल में देखने के आदी हैं। सुपर ओवर में नौ-बॉल का फैसला विवादित था और सुपर ओवर में श्रीलंका द्वारा बल्लेबाजी में देरी करने से भारतीय टीम काफी नाराज हो गई। भारतीय टीम की निराशा समझ में आती है, वहीं श्रीलंका ने जो किया वह पूरी तरह से माइंड गेम था।

भारत के लिए बढ़ी मुश्किलें

भारत के खिलाफ मिली जीत से श्रीलंका ट्राई सीरीज के फाइनल के बेहद करीब पहुंच गया है। वहीं, टीम इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब उसे ना केवल अफगानिस्तान के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी, बल्कि यह दुआ करनी होगी कि श्रीलंका अगले मुकाबले में अफगानिस्तान को हरा दे।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article