पेशावर जल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच पाकिस्तान सुपर लीग के प्रदर्शनी मैच को बीच में उस वक्त रोक देना पड़ा, जब मुसा चौक क्वेटा में ब्लास्ट की खबरें सामने आई। बुगाती स्टेडियम में हो रहे मैच से ब्लास्ट की जगह की दूरी केवल 15 से 20 मिनट की बताई जा रही है, जहां यह प्रदर्शनी मैच खेला जा रहा है। पेशावर जल्मी और क्वेटा ग्लैडिएटर्स के बीच चल रहे इस मैच में पाकिस्तान के कई स्टार खिलाड़ियों के अलावा पूर्व क्रिकेटर भी शामिल थे।
हालांकि, बाद में फिर मैच दोबारा शुरू हो गया। रिपोर्ट्स की मानें तो वहां फैंस ने भी स्टेडियम में तोड़-फोड़ की। स्टेडियम के बाहर दर्शकों ने मैदान में पत्थर फेंके। मैदान के अंदर से साझा किए गए वीडियो में भी धुआं-धुआं दिखाई दे रहा है, हालांकि कहा यह जा रहा है कि कार्यक्रम स्थल के बाहर के लोगों ने कुछ जला दिया था, जिससे आग लगी थी।
ब्लास्ट की बात करें तो यह ब्लास्ट क्वेटा पुलिस हेडक्वार्टर के निकट, क्वेटा-सिबी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ है। पाकिस्तान के मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें कई सुरक्षाकर्मी घायल भी हुए हैं।
मैच की बात करें तो इसमें मौजूदा स्टार खिलाड़ियों के अलावा कुछ पुराने क्रिकेटर भी खेल रहे थे। पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी भी इस मैच का हिस्सा थे।
2023 पीएसएल सीजन 13 फरवरी से 19 मार्च के बीच खेला जाएगा। इस बार पीएसएल कराची के नेशनल स्टेडियम, लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम, मुल्तान क्रिकेट ग्राउंड और रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि प्लेऑफ मैच लाहौर में होंगे।
