क्रिकेट

मिजोरम को 98 पर रोका, फिर पृथ्वी की धमाकेदार पारी से जीता मुंबई

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 11, 2022, 08:44 PM IST

SMAT 2022, Mumbai vs Mizoram: सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी में मंगलवार को मुंबई ने मिजोरम को 9 विकेट से करारी हार दी। पहले मुंबई के गेंदबाजों ने मिजोरम को 98 रन पर रोका और फिर पृथ्वी साव की शानदार पारी के दम पर मैच को अपने नाम कर लिया।

Image

पृथ्वी शॉ

Photo : Twitter

आक्रामक सलामी बल्लेबाज पृथ्वी साव की ताबड़तोड़ पारी से मुंबई ने सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के ग्रुप ए के मैच में मंगलवार को यहां मिजोरम को नौ विकेट से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की।

मुंबई ने मिजोरम को 20 ओवर में आठ विकेट पर 98 रन पर रोकने के बाद महज 10.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे सिर्फ नौ रन बनाकर आउट हो गये। इसके बाद साव ने नौ चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंद में नाबाद 55 रन बनाये। उन्होंने अमन हकीम (22 गेंद में नाबाद 39 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 8.4 ओवर में 91 रन की अटूट साझेदारी कर टीम को जीत दिला दी। अमन ने पांच चौके और दो छक्के जड़े।

इससे पहले मिजोरम के लिए सिर्फ श्रीवत्स गोस्वामी ही 31 रन बनाकर बल्ले से अच्छा योगदान दे सके। मुंबई के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी के अलावा शम्स मुलानी और तनुष कोटियान की स्पिनरों की जोड़ी ने दो-दो विकेट झटके।

ग्रुप के अन्य मैचों में उत्तराखंड ने रेलवे को सात विकेट से हराया। रेलवे ने उपेन्द्र यादव की 52 गेंद में 67 रन और बी विवेक सिंह की 49 गेंद में 68 रन की पारी से छह विकेट पर 150 रन बनाये। जीवनजोत सिंह ने 55 गेंद में 77 रन की नाबाद पारी खेलकर उत्तराखंड को जीत दिला दी।

End of Article