पटना : बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित NDA विधायक दल की बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में शामिल होने पहुंचे विधायक अनंत सिंह ने साफ कहा कि वे अपने फैसले पर कायम हैं और किसी भी हाल में नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे। अनंत सिंह ने बैठक से पहले भी बार-बार दोहराया कि वे नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे। वहीं, उन्होंने अनुज कुमार का समर्थन करने की बात कही।
अनंत सिंह के रुख को लेकर राजनीतिक हलचल तेज
दरअसल, MLC की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर NDA की अहम बैठक बुलाई गई थी, जिसमें NDA के विधायक और सांसद शामिल हुए। हालांकि, बैठक के बीच अनंत सिंह के रुख को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
गौरतलब है कि विधान परिषद की आठ सीट के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होना है। इनमें से पांच सीटें फिलहाल राजग के पास हैं और गठबंधन के सभी मौजूदा एमएलसी दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें भाजपा के चार एमएलसी शामिल हैं।
कौन हैं प्रत्याशी
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने चार सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में उसके मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक अनंत कुमार सिंह के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी राजग के आधिकारिक उम्मीदवार जदयू के आनंद पुष्कर के लिए मुकाबला मुश्किल हो गया है। सत्तारूढ़ गठबंधन के सबसे छोटे घटक राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के राम पुकार सिन्हा के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होने की संभावना है।
