दिल्ली : दिल्ली के जंतर मंतर पर 10 अक्टूबर को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर व्यापक पैमाने पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में ट्रेनें रद्द की गई हैं और दिल्ली मेट्रो के 58 स्टेशनों को बंद करने का ऐलान किया गया है। साथ ही कई बाजार भी बंद किए गए हैं। माना जा रहा है कि इससे व्यवस्थाओं पर बड़ा असर पड़ेगा। इस बीच हरियाणा के सोनीपत पहुंचे एनडीए के सहयोगी व केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने विपक्षी दलों की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि 'मैं मानता हूँ कि भारत जैसे लोकतंत्र में प्रदर्शन की पूरी संभावनाएं हैं और आप जरूर प्रदर्शन करें, लेकिन उससे आम लोगों को होने वाली दिक्कतों का भी ख्याल रखें। उन्होंने यह भी कहा कि 'भारत के युवा हैं ये, इनको कोई नहीं रोक सकता। ट्रेनें और परिवहन को ठप करने से युवाओं की आवाज को नहीं दबाया जा सकता।
चिराग ने कहा कि प्रदर्शन से समाधान नहीं निकलेगा, बल्कि समाधान संवाद के जरिए ही संभव है। अगर किसी मुद्दे को साबित करना है, तो उसके लिए पहले ही दिन पर्याप्त आधार पेश किया जा चुका है। बार-बार दिल्ली की सड़कों को जाम करके आम नागरिकों को परेशान करना कहां तक उचित है? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में सफलता नहीं मिलने के कारण विपक्ष अपनी राजनीति के लिए आम लोगों को परेशानी में डाल रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढे़ं -राष्ट्रपति मुर्मू से आज रात 8 बजे मिलेगा INDIA Bloc का 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल, राहुल गांधी-खरगे भी रहेंगे मौजूद
उन्होंने कहा कि यदि प्रदर्शनकारियों को वास्तव में कोई चिंता है, तो उन्हें चुनाव आयोग के पास जाना चाहिए। मुख्य चुनाव आयुक्त उनके सवालों का जवाब देने के लिए तैयार होंगे। किसी स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के कार्यालय में प्रदर्शन करते हुए जाना उचित नहीं है। इसके बजाय समय लेकर प्रतिनिधिमंडल के साथ जाना चाहिए और अपने सवालों के जवाब मांगने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले तीन दिनों से लगातार हंगामा किया जा रहा है, जबकि प्रदर्शनकारियों को समाधान निकालने में रुचि नहीं है।
Gen Z की बात सुनें-चिराग पासवान
युवाओं और Gen Z के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की बात सुनी जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि उन्होंने ‘यूथ बोले तो’ नाम से एक मंच तैयार किया है, जहां सहमति और असहमति दोनों के लिए जगह है। इस मंच पर युवा अपनी नाराजगी, चिंताएं, सुझाव और परेशानियां खुलकर रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि विचारों में मतभेद होने के बावजूद संवाद के जरिए समाधान तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने सीजेपी के आह्वान पर होने वाले प्रदर्शन को लेकर भी कहा कि वहां संवाद होना चाहिए, ताकि किसी सकारात्मक नतीजे तक पहुंचा जा सके।
मेट्रो, ट्रेनों और सड़कों पर पाबंदियों को लेकर उन्होंने कहा कि यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि मेट्रो बंद कर दी गई है और कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवाओं को कोई रोक नहीं सकता। कितनी ट्रेनें रोकी जा सकती हैं और कितनी सड़कों को जाम किया जा सकता है? भारतीय युवाओं में दुनिया को रास्ता दिखाने की क्षमता है और पिछली पीढ़ियां भी ऐसा कर चुकी हैं।
