CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को बंद जैसे हालात देखने को मिल सकते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कनॉट प्लेस, न्यू लाजपत राय मार्केट, भागीरथ पैलेस में मौजूद बिजली मार्केट इत्यादि को बंद रखने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, राउज एवेन्यू और पटियाला हाउस कोर्ट में वर्चुअल तरीके से काम करेंगे। इसको लेकर बकायदा एडवाइजरी जारी की गई हैं।
बंद रहेगा कनॉट प्लेस!
कनॉट प्लेस के दुकानदारों, कार्यालयों और रेस्त्रां संचालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने एक एडवाइजरी जारी कर सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों से एहतियात के तौर पर शनिवार को बंद रखने की अपील की है।
एनडीटीए के महासचिव विक्रम बधवार की ओर से जारी एडवाइजपी में कहा गया है कि अधिकारियों की सलाह और कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाने की सिफारिश की गई है। इसमें दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के संचालकों से अनुरोध किया गया है कि वे किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या शारीरिक चोट से बचने के लिए एडवाइजरी का पालन करें।
कौन-कौन सी मार्केट रहेंगी बंद
- न्यू लाजपत राय मार्केट
- भागीरथ पैलेस की बिजली मार्केट
- लोहा भवन
- चावड़ी बाजार मार्केट
कोर्ट में वर्चुअल सुनवाई
इस बीच, दिल्ली हाई कोर्ट के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन-1 ब्रांच ने 9 अक्टूबर को जारी अधिसूचना में स्पष्ट किया है कि 10 अक्टूबर, शनिवार को दिल्ली के सात कोर्ट परिसरों में स्थित सभी जिला अदालतें खुली रहेंगी और कामकाज करेंगी। हालांकि, सुरक्षा और आवाजाही से जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए सुनवाई के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
अधिसूचना के मुताबिक, नई दिल्ली जिला अदालतों के पटियाला हाउस कोर्ट परिसर और राउज एवेन्यू कोर्ट परिसर में सुनवाई केवल वर्चुअल माध्यम से होगी। इन दोनों परिसरों में तैनात, जो न्यायिक अधिकारी अदालत नहीं पहुंच पाएंगे, वे भी वर्चुअल माध्यम से सुनवाई कर सकेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CJP प्रदर्शन से पहले हिरासत के दावे और ट्रेन से उतारे गए छात्र! पुलिसियां कार्रवाई पर फिर उठे सवाल; राजधानी में हलचल तेज
क्या बंद रहेगी सरोजनी नगर मार्केट?
भले की चावड़ी बाजार और न्यू लाजपत राय जैसी मार्केट शनिवार को बंद रहेगी, लेकिन त्योहारी सीजन की वजह से सरोजनी नगर मार्केट को खोलने का निर्णय लिया गया है। ऐसे में सरोजनी नगर मार्केट का मेट्रो स्टेशन भी खुला रहेगा। सुरक्षा के लिहाज से दरवाजों पर गार्ड्स के साथ-साथ दुकानदार भी नजर रखेंगे।
