अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का चौथा और आखिरी मैच बेहद खास रहा है। मैच से पहले भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने इस मौके पर दोनों देशों के बीच 75 साल के दोस्ती को सेलिब्रेट किया। इस मौके पर दोनों देशों के पीएम ने सोने का मुलम्मा चढी गोल्फ कार में स्टेडियम का चक्कर लगाया। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद फैंस का उत्साह देखने लायक था।
दोनों देशों के पीएम को किया गया सम्मानित
इस खास मौके पर बीसीसीआई के अध्यक्ष रोजर बिन्नी ने ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एथंनी अल्बनीज और बीसीसीआई सचिव जय शाह ने पीएम नरेंद्र मोदी को खास मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
दोनों कप्तानों की दी गई खास कैप
इस मौके पर भारत और ऑस्ट्रेलिया टीम के कप्तान को भी सम्मानित किया गया। नरेंद्र मोदी ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को जबकि ऑस्ट्रेलियाई पीएम एथंनी अल्बनीज ने स्टीव स्मिथ को एक खास कैप देकर सम्मानित किया।
खास सिक्के से हुआ टॉस
इस खास मौके को यादगार बनाने के लिए एक खास सिक्के से मैच का टॉस किया गया, जिसमें दोनों देशों के बीच 75 साल की दोस्ती को सेलिब्रेट करते हुए एक प्रिंट थी।
