क्रिकेट

SL vs PAK Highlights: आखिरी ओवर के रोमांच में जीता पाकिस्तान, काम नहीं आई हसरंगा की अर्धशतकीय पारी

पाकिस्तान ने 3 मैच की वनडे सीरीज में जीत के साथ आगाज किया। रावलपिंडी में खेले गए पहले मुकाबले में उसने हारिस रऊफ की शानदार गेंदबाजी के दम पर श्रीलंका को हरा दिया। वानिंदु हसरंगा अंत तक लड़े, लेकिन वह अपनी टीम को फिनिश लाइन तक नहीं पहुंचा पाए।

Image

पाकिस्तान बनाम श्रीलंका (साभार-ICC)

SL vs PAK Highlights: पाकिस्तान ने 3 मैच की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 6 रन से हराकर जीत के साथ आगाज किया। श्रीलंका के सामने जीत के लिए 300 रन का लक्ष्य था, लेकिन श्रीलंका की टीम निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर केवल 293 रन ही बना पाई। आखिरी ओवर में श्रीलंका को 21 रन की दरकार थी, लेकिन तीक्ष्णा 14 रन ही बना पाए। श्रीलंका की ओर से वानिंदु हसरंगा ने 59 रन की पारी खेली। उन्होंने 49वें ओवर तक श्रीलंका को मैच में बनाए रखा, लेकिन नसीम शाह की गेंद पर बाबर आजम ने उन्हें पवेलियन भेजा। इस तरह श्रीलंका की आखिरी उम्मीद भी खत्म हो गई और पाकिस्तान ने 3 मैच की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में जीत के हीरो रहे हारिस रऊफ जिन्होंने 4 विकेट चटकाया। इसके अलावा फहीम अशरफ और नसीम शाह ने 2-2 विकेट चटकाए।

इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया था। पाकिस्तान की आधी पारी तक श्रीलंकाई गेंदबाज हावी नजर आए। एक वक्त पाकिस्तान ने 23.2 ओवर में 95 के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इसमें 3 विकेट वानिंदु हसरंगा ने लिए थे। लेकिन, इसके बाद सलमान अली आगा और हुसैन तलत ने पारी को संभाला।

आगा और तलत ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी कर टीम की मैच में वापसी कराई। ये साझेदारी 121 गेंद पर आई थी। तलत 63 गेंद पर 1 छक्के और 6 चौके की मदद से 62 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद आगा ने मोहम्मद नवाज के साथ 37 गेंद पर 66 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 299 तक पहुंचा दिया। आखिरी 5 ओवर में पाकिस्तान ने 53 रन बनाए। सलमान आगा 87 गेंद पर 9 चौके की मदद से 105 रन बनाकर नाबाद रहे। आगा का यह दूसरा वनडे शतक है। नवाज 23 गेंद पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 36 रन बनाकर नाबाद रहे।

श्रीलंका के लिए वानिंदु हसरंगा ने 10 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट लिए। असिथा फर्नांडो और महिश तिक्षाणा ने 1-1 विकेट लिए। श्रीलंका ने शरुआत अच्छी की थी, लेकिन आखिरी 25 ओवर पूरी तरह से पाकिस्तान के बल्लेबाज हावी रहे। इसी का परिणाम है कि 75 पर 4 वाला पाकिस्तान 299 तक पहुंच गया। 300 रन का लक्ष्य श्रीलंका के लिए आसान नहीं होने वाला है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article