क्रिकेट

PAK vs ENG first Test: हैरी ब्रूक और जो रूट ने खेली रिकॉर्डतोड़ पारियां, पहले टेस्ट में जीत से 4 विकेट दूर इंग्लैंड

बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करने वाली पाकिस्तान क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ मुल्तान में खेले जा रहे सीरीज के पहले टेस्ट मैच में हार के कगार पर पहुंच गई है।

Image

पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • पाकिस्तान के 556 रन के जवाब में इंग्लैंड ने 7 विकेट पर 823 रन पर घोषित की पारी
  • हैरी ब्रूक और जो रूट के बीच हुई 454 रन की रिकॉर्ड साझेदारी
    पहली पारी में 267 रन से पिछड़ने के बाद 152 रन पर पाकिस्तान ने गंवाए 6 विकेट
  • पहली पारी में 267 रन से पिछड़ने के बाद 152 रन पर पाकिस्तान ने गंवाए 6 विकेट

मुल्तान: हैरी ब्रूक ने टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक जड़ा जबकि जो रूट ने अपने करियर का सर्वोच्च स्कोर बनाया जिससे इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ गुरुवार को यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में अपनी पहली पारी सात विकेट पर 823 रन बनाकर समाप्त घोषित की। ब्रूक ने 322 गेंद पर 29 चौकों और तीन छक्कों की मदद से 317 रन बनाए जबकि रूट ने 375 गेंद पर 262 रन की पारी खेली जिसमें 17 चौके शामिल हैं। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 454 रन जोड़े जो इंग्लैंड की तरफ से नया रिकॉर्ड है।

दूसरी पारी में लड़खड़ाई पाकिस्तानी टीम

पाकिस्तान ने पहली पारी में 556 रन बनाए थे लेकिन दूसरी पारी में उसके बल्लेबाज लड़खड़ा गए। पाकिस्तान ने चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में छह विकेट पर 152 रन बनाए हैं और उसे पारी की हार से बचने के लिए 115 रन की जरूरत है। यह टेस्ट क्रिकेट में केवल चौथा अवसर है जबकि किसी टीम ने एक पारी में 800 से अधिक रन बनाए। वर्तमान सदी में ऐसा पहली बार हुआ। इससे पाकिस्तान की टीम दबाव में आ गई और दूसरी पारी में उसकी बल्लेबाजी बुरी तरह चरमरा गई।

दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर पाकिस्तान ने गंवाया विकेट

क्रिस वोक्स ने दूसरी पारी की पहली ही गेंद पर अब्दुल्ला शफीक का ऑफ स्टंप उखाड़ दिया था। इसके बाद पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। तेज गेंदबाज गस एटकिंसन (2-28) और ब्रायडन कार्स (2-39) ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी को ध्वस्त करने में अहम भूमिका निभाई। अगर शोएब बशीर ने अमीर जमाल का आसान कैच नहीं छोड़ा होता तो पाकिस्तान की स्थिति और बदतर होती। दिन का खेल समाप्त होने के समय जमाल 27 और सलमान अली आगा 41 रन बनाकर खेल रहे थे।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article