क्रिकेट

ओवल टेस्ट मैच के हीरो मोहम्मद सिराज का हैदराबाद लौटने पर जोरदार स्वागत

Mohammed Siraj Gets Huge Welcome In Hyderabad: मोहम्मद सिराज का इंग्लैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को 2-2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने के बाद बुधवार को अपने गृह नगर हैदराबाद पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।

Image

मोहम्मद सिराज (Instagram/MohammedSiraj)

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज का इंग्लैंड के खिलाफ हाल में समाप्त हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी को 2-2 से ड्रॉ कराने में अहम भूमिका निभाने के बाद बुधवार को अपने गृह नगर हैदराबाद पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। सिराज ने पांच मैचों की श्रृंखला में सर्वाधिक 23 विकेट लिए। उन्होंने ओवल में खेले गए अंतिम टेस्ट मैच में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उन्हें इस मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया था। उन्होंने सभी पांच मैच खेले और 185.3 ओवर फेंके।

हैदराबाद का रहने वाला यह 31 वर्षीय खिलाड़ी काले रंग की कैजुअल पोशाक में इससे पहले फील्डिंग कोच टी दिलीप के साथ सुबह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां प्रशंसकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सिराज से सेल्फी और ऑटोग्राफ के लिए अनुरोध किए गए, लेकिन वह हैदराबाद के लिए उड़ान पकड़ने के लिए जल्दी से कार में सवार होकर वहां से निकल गए। हैदराबाद में प्रशंसक पहले ही उनके स्वागत के लिए तैयार थे।

इस बीच हैदराबाद क्रिकेट संघ के एक अधिकारी ने पीटीआई से कहा, "हमने अभी तक उनसे बात नहीं की है। लेकिन हम निश्चित रूप से उनके लिए कुछ (सम्मान) योजना बनाएंगे, क्योंकि वह कुछ दिनों के लिए शहर में रह सकते हैं। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ श्रृंखला में देश के लिए शानदार प्रदर्शन किया।"

सिराज ने ओवल टेस्ट मैच में पहली पारी में चार और दूसरी पारी में पांच विकेट लिए थे। उनके इस शानदार प्रदर्शन से भारत ने 374 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे इंग्लैंड को 367 रन पर आउट करके छह रन से अपनी सबसे करीबी जीत हासिल की थी।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article