क्रिकेट

टी20 विश्व कप के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाए जाने की खबर पर पीसीबी ने जारी किया आधिकारिक बयान

पीसीबी ने टी20 विश्व कप 2026 से टीम के जल्दी बाहर होने के बाद टीम के सदस्यों पर जुर्माना लगाए जाने की खबर पर स्पष्टीकरण जारी किया है।

Image

पाकिस्तान क्रिकेट टीम

Photo : AP

लाहौर: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शनिवार को कहा कि उसने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में नाकाम रहने के कारण टीम के किसी भी सदस्य पर जुर्माना नहीं लगाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान की टीम के सुपर आठ चरण से बाहर होने के बाद खिलाड़ियों पर जुर्माना लगाया गया, लेकिन पीसीबी के प्रवक्ता आमिर मीर ने इसका खंडन किया और दुनियाभर की मीडिया में चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया।

किसी खिलाड़ी पर नहीं लगाया है जुर्माना

मीर ने यहां पत्रकारों से कहा,'किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है, लेकिन बोर्ड खिलाड़ियों के लिए एक फार्मूला तैयार करने के बारे में सोच रहा है क्योंकि अच्छा प्रदर्शन करने पर उन्हें अच्छी प्रोत्साहन राशि मिलती है।' उन्होंने कहा कि अब पाकिस्तान के खिलाड़ियों को लगभग छह–सात करोड़ पाकिस्तानी रुपए मिलते हैं और इसलिए बोर्ड उन्हें उनके प्रदर्शन के लिए जिम्मेदार ठहराने पर विचार कर रहा है। मीर ने कहा,'लेकिन अभी तक किसी भी तरह का अंतिम फैसला नहीं लिया गया है और किसी भी खिलाड़ी पर जुर्माना नहीं लगाया गया है।' रिपोर्टों के अनुसार टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रहने के बाद पाकिस्तान के प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया।

खिलाड़ियों को मिलेगा आईसीसी में मिली राशि का इतना हिस्सा

पाकिस्तान के क्रिकेटरों को मैच और टूर फीस के अलावा केंद्रीय अनुबंध के लिए मासिक रिटेनर के तौर पर धनराशि मिलती है। इसके अलावा विभिन्न श्रेणियां में मैच जीतने पर उन्हें बोनस भी मिलता है। खिलाड़ियों को बोर्ड के प्रायोजन समझौते की धनराशि से भी कुछ हिस्सा मिलता है। पिछले साल यह भी सहमति बनी थी कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से पीसीबी को मिलने वाले लगभग तीन करोड़ 40 लाख अमेरिकी डॉलर प्रति वर्ष के वार्षिक राजस्व का तीन प्रतिशत हिस्सा खिलाड़ियों को मिलेगा।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article