क्रिकेट

ZIM vs NZ 1st Test Day 2 Highlights: 307 रन पर ढही न्यूजीलैंड की पहली पारी, दूसरी पारी में जिंबाब्वे ने सस्ते में गंवाए दो विकेट

न्यूजीलैंड की टीम जिंबाब्वे के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन पहली पारी में 158 रन की बढ़त बनाने में सफल रही। इसके बाद दूसरी पारी में जिंबाब्वे ने सस्ते में दो विकेट गंवा दिए हैं।

Image

जिंबाब्वे बनाम न्यूजीलैंड, पहला टेस्ट दूसरा दिन हाईलाइट्स (फोटो क्रेडिट @ZimCricketv X)

बुलावायो (जिम्बाब्वे): डेवोन कॉन्वे और डेरिल मिचेल बृहस्पतिवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन शतक से चूक गए लेकिन न्यूजीलैंड ने शिकंजा कसे रखा। कॉन्वे ने 88 रन बनाए और मिचेल 80 रन पर आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे जिससे न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 307 रन पर सिमट गई। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने इसके बाद बेन कुरेन (11) और ब्रायन बेनेट (18) को आउट करके स्टंप तक जिम्बाब्वे का स्कोर दो विकेट पर 31 रन कर दिया। जिम्बाब्वे अब भी 127 रन से पीछे है। जिम्बाब्वे पहली पारी में 149 रन पर सिमट गया था।

ब्लेसिंग मुजारबानी ने चटकाए 3 विकेट

तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजारबानी जिम्बाब्वे के सबसे बेहतरीन गेंदबाज रहे जिन्होंने 73 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि तनाका चिवांगा ने 51 रन देकर दो विकेट चटकाए। बाद में मिचेल ने पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ मिलकर अच्छी बल्लेबाजी की और न्यूज़ीलैंड को बढ़त दिला दी। नौवें नंबर के बल्लेबाज नाथन स्मिथ पेट में चोट के कारण 22 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए। इससे पहले मुजारबानी ने पहली ही गेंद पर विल यंग (41) को आउट कर दिया। इसके बाद हेनरी निकोल्स (34) और कॉनवे ने 66 रनों की साझेदारी की।

हेनरी निकोल्स ने पूरे किए 3 हजार रन

दिसंबर 2023 के बाद से अपना पहला टेस्ट खेल रहे निकोल्स ने 27 रन पूरे करते ही 3,000 टेस्ट रन पूरे कर लिए, लेकिन मुजारबानी की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। रचिन रविंद्र (02) भी जल्दी आउट हो गए। कॉनवे लंच के तुरंत बाद आउट हुए। दो मैचों की यह श्रृंखला विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का हिस्सा नहीं है, लेकिन 2016 के बाद से दोनों देशों के बीच यह पहला टेस्ट मैच है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article