Team India Future Captain Prediction: भारतीय क्रिकेट टीम का अगला कप्तान कौन होगा? ये सवाल क्रिकेट के गलियारों में और फैंस के बीच अब काफी समय से चर्चा में है। रोहित शर्मा (Rohit Sharma) अपने अंतरराष्ट्रीय करियर के अंतिम पड़ाव पर हैं और भविष्य में टीम इंडिया की अगुवाई कौन करेगा इस पर जरूर बीसीसीआई के सीनियर अधिकारियों के बीच विमर्श शुरू हो गया होगा। टीम में कई नाम ऐसे हैं जिनकी उम्मीदवारी को लेकर अलग-अलग पक्ष हैं, कई दिग्गज इसको लेकर भविष्यवाणियां भी करते आए हैं। इसी फेहरिस्त में ताजा नाम पूर्व क्रिकेटर व चर्चित कमेंटेटर नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) का नाम भी जुड़ गया है।
पूर्व भारतीय बल्लेबाज नवजोत सिंह सिद्धू इन दिनों आईपीएल में कमेंट्री करने में व्यस्त हैं। लंबे समय बाद वो इस टूर्नामेंट में कमेंट्री कर रहे हैं और लोग उनकी कमेंट्री का लुत्फ भी उठा रहे हैं। इसी बीच आए दिन सिद्धू भारतीय क्रिकेट और खिलाड़ियों को लेकर अपनी राय भी सामने रखते रहते हैं। इस बार उन्होंने 'इंडिया टुडे' से एक बातचीत के दौरान टीम इंडिया के भविष्य के कप्तान पर अपनी राय सामने रखी है या कह सकते हैं कि अपनी भविष्यवाणी की है।
ये होंगे भविष्य के कप्तान
नवजोत सिंह सिद्धू के मुताबिक हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) टीम इंडिया के भविष्य के कप्तान होंगे। सिद्धू का मानना है कि वो नेचुरल पसंद हैं इस पद के लिए खासतौर पर सीमित ओवर क्रिकेट में। सिद्धू ने कहा, "हार्दिक पांड्या भविष्य हैं। रोहित अब 36-37 के हो चुके हैं। उनके पास बस कुछ और साल बचे हैं करियर के। वो एक शानदार कप्तान और खिलाड़ी है। मुझसे पूछे तो वो चलती-फिरती कविता हैं। जब भी मैं उनको देखता हूं ऐसा लगता है कि समय रुक गया है। लेकिन समय आ रहा है कि आपको उनसे आगे देखना होगा और मैदान तैयार करना होगा कि कोई और आकर उनकी जगह ले।"
टेस्ट मैचों में नहीं
सिद्धू ने ये भी कहा कि, "मैं हार्दिक पांड्या को टेस्ट टीम का कप्तान बनाने का पक्ष नहीं ले रहा हूं। लेकिन, वो आपके उपकप्तान हैं। उसने भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तकरीबन एक साल तक कप्तानी भी की है जब रोहित मौजूद नहीं थे। इसीलिए बीसीसीआई ने उनको टीम का उपकप्तान चुना है। काफी प्लानिंग हैं, काफी चर्चाएं होंगी इससे पहले कि बीसीसीआई किसी नतीजे तक पहुंचे। हार्दिक सीमित ओवर क्रिकेट में नैचुरल चॉइस हैं।"
