क्रिकेट

IND vs WI 2nd T20I Preview: भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 में क्या टीम इंडिया करने जा रही है बड़ा बदलाव, जानें इस मैच की जरूरी बातें

IND vs WI 2nd T20 Match Preview: टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच अब 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला शुक्रवार को खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय टीम कुछ बड़े बदलाव कर सकती है, क्या हो सकते हैं ये बदलाव, यहां जानते हैं।

Image

भारत-वेस्टइंडीज दूसरे टी20 मैच का प्रीव्यू

Photo : AP

IND vs WI 2nd T20I Preview: संजू सैमसन को छोड़कर भारत के सभी बल्लेबाज फॉर्म में हैं और इसलिए टीम प्रबंधन शुक्रवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ को यहां होने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को अभिषेक शर्मा के साथ पारी का आगाज करने के लिए भेज सकता है। भारतीय टीम यहां जीत हासिल करने पर पांच मैचों की श्रृंखला में 2-0 की बढ़त बना लेगी, लेकिन उसके लिए सैमसन का खराब प्रदर्शन चिंता का विषय बना हुआ है। दूसरा टी20 मैच शाम 7:00 बजे से शुरू होगा।

सैमसन पिछली चार पारियों में केवल 29 रन बना पाए हैं जिनमें उनका उच्चतम स्कोर 11 है। उनकी असफलता के कारण भारत को इन मैच में अच्छी शुरुआत नहीं मिल पाई। लेकिन पिछले मैच में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना पहला शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में मध्य क्रम ने सैमसन की असफलता का टीम पर खास असर नहीं पड़ने दिया। अय्यर ने अपने करियर के 68वें मैच में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा।

ऐसे में सूर्यवंशी को एक और मौका मिल सकता है जिन्होंने अब तक मिले अवसरों पर यह साबित कर दिया कि वह खेल के छोटे प्रारूप के लिए उपयुक्त बल्लेबाज हैं। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज के पास कई तरह के शॉट हैं और वह अपने आक्रामक अंदाज से विपक्षी टीम को शुरू में ही दबाव में ला सकते हैं।

भारतीय टीम प्रबंधन ने हालांकि इस 15 वर्षीय बल्लेबाज को मौका देने के बजाय अब तक अभिषेक और सैमसन की स्थापित सलामी जोड़ी का ही समर्थन किया है। जापान में एशियाई खेलों में सूर्यवंशी और अभिषेक ने ही पारी का आगाज किया था और सैमसन तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।

इस तरह से टीम प्रबंधन ने सैमसन के प्रति अपना समर्थन जारी रखा लेकिन यह विकेटकीपर बल्लेबाज अभी तक उम्मीद पर खरा नहीं उतर पाया है।ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ चल रही पांच मैचों की श्रृंखला सैमसन के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है क्योंकि वह विश्व कप में दिखाए गए अपने अच्छे प्रदर्शन के दम पर लंबे समय तक अपनी जगह बरकरार नहीं रख सकते हैं। लेकिन सूर्यवंशी ने अपनी प्रतिभा के बावजूद यह भी जान लिया है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट एक अलग ही चीज है।

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में भारत की 0-3 से हार में उन्होंने 14, 13 और 15 रन बनाए। एशियाई खेलों में बिहार के इस बल्लेबाज ने 18 और 35 रन बनाए। एक युवा खिलाड़ी के लिए यह स्कोर खराब नहीं हैं लेकिन इनसे यह तथ्य भी साबित होता है कि केवल प्रचार के कारण उन्हें शीर्ष स्तर के क्रिकेट में जल्दबाजी में शामिल नहीं किया जा सकता है। इसलिए टीम प्रबंधन सूर्यवंशी को एक और मौका देने से पहले सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार करेगा।

गेंदबाजी संयोजन में हो सकता है बदलाव

भारत अपनी तेज गेंदबाजी संयोजन में भी बदलाव पर विचार करेगा। लखनऊ में खेले गए पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के पहले ओवर में ही मयंक यादव ने 16 रन लुटा दिए थे। वह बीच के ओवरों और अंतिम ओवरों में भी महंगे साबित हुए। भारतीय ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को टीम में शामिल करने और उन्हें नई गेंद से गेंदबाजी करवाने के बारे में सोच सकता है, हालांकि वनडे सीरीज के दौरान यह प्रयोग खास सफल नहीं रहा था।

स्पिन विभाग की बात करें तो कुलदीप यादव के साथ अक्षर पटेल के जुड़ने से टीम को मजबूती मिली है। इन दोनों ने पहले मैच में दो-दो विकेट लिए थे। इसके अलावा युवा ऑलराउंडर नमन धीर का प्रदर्शन भी भारत के लिए सकारात्मक पहलू है जिन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से 31 रन देकर तीन विकेट लिए थे।

वेस्टइंडीज के लिए क्या हैं चुनौतियां?

वेस्टइंडीज को अगर जीत हासिल करनी है तो उसके बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर बनाना होगा क्योंकि भारत ने पिछले मैच में उसके 171 रन के स्कोर को बौना साबित कर दिया था। वेस्टइंडीज के पास टी20 के माहिर खिलाड़ियों की कमी नहीं है जिनमें कप्तान शाई होप, शिमरोन हेटमायर, रोवमैन पॉवेल, रोस्टन चेज और रोमारियो शेफर्ड शामिल हैं।

बल्लेबाजी निश्चित रूप से वेस्टइंडीज का मजबूत पक्ष है और उसके बल्लेबाजों को कम से कम 220 रन का स्कोर बनाना होगा। गेंदबाजी में उसकी टीम बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन से अच्छा प्रदर्शन की उम्मीद करेगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं

भारतीय टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, ईशान किशन, नमन धीर, कुलदीप यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वैभव सूर्यवंशी, मयंक यादव, प्रिंस यादव और रवि बिश्नोई।

वेस्टइंडीज टीम: शाई होप (कप्तान और विकेटकीपर), ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेज़, मैथ्यू फोर्डे, शिमरोन हेटमायर, अकील हुसैन, शमर जोसेफ, गुडाकेश मोटी, कीमो पॉल, कामिल पूरन, रोवमैन पॉवेल, रोमारियो शेफर्ड, शमर स्प्रिंगर, शेरफेन रदरफोर्ड और क्वेंटिन सैम्पसन।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article