क्रिकेट

भारतीय प्लेइंग-11 में जगह पक्की करने के लिए यशस्वी जायसवाल कर रहे हैं नई स्किल पर काम

भारत की वनडे और टेस्ट टीम के नियमित सदस्य और आतिशी सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने प्लेइंग-11 में अपनी जगह पक्की करने के लिए एक अतिरिक्त स्किल पर काम करना शुरू किया है। इस बात का खुलासा मुंबई रणजी टीम की कप्तान सिद्देश लाड ने किया है।

Image

यश्स्वी जायसवाल (फोटो क्रेडिट AI Generated/News Room Verified)

मुंबई: मुंबई के कप्तान सिद्धेश लाड ने गुरुवार को बताया कि भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल बल्लेबाजी और लेग-स्पिन के अलावा 'बैक-अप' कौशल के रूप में विकेटकीपिंग पर काम कर रहे हैं। रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र से पहले जायसवाल की विकेटकीपिंग पर कड़ी मेहनत करते हुए तस्वीरें सामने आई हैं।

लेग स्पिन गेंदबाजी में आजमा चुके हैं हाथ

यह 24 वर्षीय खिलाड़ी भारतीय टीम के नेट में लेग-स्पिन का भी अभ्यास करता है और कुछ मुकाबलों में गेंदबाजी भी कर चुका है। जायसवाल रविवार से चंडीगढ़ के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में शुरू होने वाले मुंबई के रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। लेकिन राष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण वह दूसरे मैच से आगे उपलब्ध नहीं रहेंगे।

जायसवाल ने शुरू किया है विकेटकीपिंग का अभ्यास

लाड ने मुंबई की सत्र पूर्व प्रेस कांफ्रेंस में पीटीआई के एक सवाल के जवाब में कहा,'वह ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने विकेटकीपिंग का अभ्यास शुरू किया है क्योंकि उन्हें लगता है कि वह अपने खेल में कुछ और जोड़ना चाहते हैं। मुझे नहीं पता कि उनका इरादा क्या है लेकिन अभी वह विकेटकीपिंग का अभ्यास कर रहे हैं और अगर वह अभ्यास करते रहेंगे तो वह इसके आदी हो जाएंगे।' पता चला है कि रणजी ट्रॉफी से पहले मुंबई के एक अभ्यास मैच के दौरान जायसवाल ने करीब 10 ओवर तक विकेटकीपिंग की थी।

राहुल के लिए अच्छे नहीं हैं संकेत

यशस्वी जायसवाल टेस्ट क्रिकेट में तो भारतीय टीम की नियमित ओपनर हैं लेकिन वनडे टीम में उन्हें रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी की वजह से पारी की शुरुआत करने का मौका नहीं मिल रहा है। ऐसे में उन्हें बेंच पर बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। टीम में विकेटकीपर की भूमिका केएल राहुल 2023 के विश्व कप से अबतक अदा कर रहे हैं। संभवत: उनकी गैरमौजूदगी में जायसवाल बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज प्लेइंग-11 में जगह पक्की करने की योजना बना रहे हैं। उनकी ये योजना कितनी फलिभूत होती है ये तो वक्त की बताएगा। लेकिन ये संकेत केएल राहुल के लिए अच्छे नहीं हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article