नई दिल्ली: ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किए जाने के बाद चीन की क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) इस देश में खेल को बढ़ावा देने के लिए अपनी तरफ से प्रयास करेगा। आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता ने कहा कि विश्व संस्था चीन में जल्द ही टियर 2 प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राष्ट्रीय संघ का साथ देगा और साथ ही देश में उत्कृष्टता केंद्र (सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस) स्थापित करने में भी मदद करेगा।
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना भी है योजना का हिस्सा
गुप्ता ने पीटीआई से कहा कि चीन में क्रिकेट को अधिक सुलभ बनाना और महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना भी उसकी योजनाओं का हिस्सा है। अगर आईसीसी चीन में अपनी मजबूत पकड़ बनाने में कामयाब हो जाती है, तो वहां क्रिकेट के लिए अपार संभावनाएं हैं। गुप्ता ने कहा कि आईसीसी पहले से ही चीन क्रिकेट संघ (सीसीए) के साथ मिलकर सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस स्थापित करने पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा, 'सीसीए ने आईसीसी की मदद से यूएई में आईसीसी अकादमी की तर्ज पर सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस स्थापित करने की इच्छा व्यक्त की है, ताकि खिलाड़ियों के विकास में तेजी लाई जा सके। आईसीसी का समर्थन चीन में इस खेल को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा सकता है।'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: अजीत आगरकर की विदाई के बाद बीसीसीआई ने स्पेशल अंदाज में कहा शुक्रिया
चीन में 22 में से 9 प्रांत में खेला जाता है क्रिकेट
गुप्ता ने कहा,'लॉस एंजिलिस में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी से वे देश भी इस खेल से जुड़ना चाहते हैं जिन्होंने अभी तक इसे नजरअंदाज किया था।' चीन के 22 प्रांतों में से नौ में क्रिकेट खेला जाता है और अगर यह खेल देश के राष्ट्रीय खेलों में शामिल हो जाता है तो क्रिकेट चीन में अधिक लोकप्रिय हो जाएगा। एशियाई खेलों में क्रिकेट के शामिल होने से भी मदद मिलेगी।
(भाषा)
