आईपीएल 2026 शुरू होने वाला है और एक बार फिर रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या के बीच विवाद की खबरों को हवा मिल गई है। सोशल मीडिया पर ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस बार रोहित की प्लेइंग इलेवन में जगह मुश्किल लग रही है। सोशल मीडिया पर किए गए इस दावे पर मुंबई इंडियंस की ओर से प्रतिक्रिया आई है। सोशल मीडिया पर एक यूजर ने दावा किया था कि कप्तान हार्दिक पांड्या ने पूर्व कप्तान को चेतावनी दी थी कि इस बार रनों खराब फॉर्म को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
'रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या ने आईपीएल 2026 से पहले रोहित शर्मा को चेतावनी दी है। हार्दिक पांड्या ने मैनेजमेंट को बता दिया है कि अगर रोहित अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए तो इस बार कोई रियायत नहीं दी जाएगी। पिछले 10-12 सालों में रोहित के प्रदर्शन से एमआई मैनेजमेंट काफी निराश है, क्योंकि टीम के सबसे ज्यादा सैलरी पाने वाले खिलाड़ियों में से एक होने के बावजूद उन्होंने हर सीजन केवल 120 के स्ट्राइक रेट से 200-300 रन बनाए हैं।
अब मुंबई इंडियंस ने दी प्रतिक्रिया
मुंबई इंडियंस ने इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे बकवास बताया है। एमआई ने सोशल मीडिया पर हार्दिक पांड्या का एक GIF शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कुछ भी। मुंबई इंडियंस की नजर इस बार छठी ट्रॉफी पर रहेगी। आखिरी बार साल 2020 में इस टीम ने ट्रॉफी उठाई थी। इस दौरान, 2024 में गुजरात टाइटन्स से हुए ट्रेड डील के बाद एमआई ने हार्दिक को कप्तान नियुक्त किया, जिसके चलते रोहित को कप्तानी से हटा दिया गया, जिन्होंने एक दशक तक टीम की कप्तानी की थी और उन्हें पांचों आईपीएल खिताब दिलाए थे।
हार्दिक के नेतृत्व में पांच बार की चैंपियन टीम की कप्तानी में पहले ही सीजन में एमआई तालिका में सबसे निचले स्थान पर रही। हालांकि, पिछले साल वे प्लेऑफ में पहुंचे और एलिमिनेटर में गुजरात टाइटन्स (GT) को हराया। लेकिन दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स (PBKS) से हारकर वे फाइनल में पहुंचने से चूक गए। रोहित की फॉर्म चिंता का विषय रही है, क्योंकि उन्होंने 2013 के बाद से किसी भी सीजन में 500 रन नहीं बनाए हैं। पिछले साल उन्होंने 15 मैचों में 29.86 के औसत से 418 रन बनाए थे, जिसमें चार अर्धशतक शामिल थे।
मुंबई इंडियन स्क्वॉड(Mumbai Indian Squad)- हार्दिक पांड्या (कप्तान), रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार, कार्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडे, मिचेल सेंटनर, नमन धीर, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रॉबिन मिंज, रियान रिकेलटन, शार्दुल ठाकुर, शेरफाने रदरफोर्ड, क्विंटन डी कॉक, दानिश, मोहम्मद इजहार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
