क्रिकेट

IPL 2026: हमने गलती की थी, IPL 2026 को लेकर धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स की रणनीति पर की बात

एमएस धोनी ने आईपीएल 2026 को लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की रणनीतियों पर बात की है। उन्होंने नीलामी के जरिए अपनी टीम को और मजबूत बनाने की बात भी कही और बताया कि जब गायकवाड़ वापसी करेंगे तो टीम की बल्लेबाजी मजबूत हो जाएगी।

Image

एमएस धोनी (साभार-x BCCI)

दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी ने शनिवार को अपनी चेन्नई सुपर किंग्स और उसकी रणनीतियों पर बात की। उन्होंने इस दौरान कहा कि रुतुराज गायकवाड़ की वापसी आईपीएल के अगले सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स की बल्लेबाजी को मजबूत करेगी। गायकवाड़ पिछले सत्र में कोहनी की चोट के कारण आईपीएल के शुरुआती मैचों से बाद ही बाहर हो गए थे। गायकवाड़ की जगह धोनी ने चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी संभाली थी लेकिन पांच बार की चैंपियन टीम की बल्लेबाजी लगातार संघर्ष करते रही। टीम 14 मैचों में से सिर्फ चार जीत के साथ तालिका में 10वें स्थान पर रही थी।

धोनी ने यहां एक निजी समारोह के दौरान इस बात का संकेत दिया कि चेन्नई की टीम गायकवाड़ को टीम में बनाये रखेगी। उन्होंने कहा, ‘‘ हम अपने बल्लेबाजी क्रम को लेकर थोड़े चिंतित थे लेकिन मुझे लगता है कि अब हमारा बल्लेबाजी क्रम काफी व्यवस्थित है। रुतु (गायकवाड़) वापसी करेंगे। उन्हें चोट लगी थी। वह वापसी करेंगे तो अब हम काफी व्यवस्थित हो जायेंगे।’’ धोनी गायकवाड़ की सीएसके में वापसी से खुश हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी इस साल के अंत में होने वाली छोटी नीलामी के जरिए टीम को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि हमने (आईपीएल 2025 में) ढिलाई बरती। कुछ कमियां थीं जिन्हें हमें दूर करने की जरूरत थी। दिसंबर में एक छोटी नीलामी होने वाली है। हम उन कमियों को दूर करने की कोशिश करेंगे।’’ गायकवाड़ ने अपना आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच सीएसके के लिए आठ अप्रैल को मुल्लांपुर में पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच है।

धोनी ने स्वीकार किया कि पिछले दो सत्र में सुपर किंग्स का प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा है। उन्होंने कहा कि टीम के लिए उन कमियों को पहचानना जरूरी है। इस 44 साल के खिलाड़ी ने कहा, ‘‘हां, पिछले कुछ साल हमारे लिए अच्छे नहीं रहे हैं। हम उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। लेकिन जरूरी यह है कि आप सीख लें। हां, आपका सत्र खराब रहा। लेकिन क्या गलती हुई? और यही सवाल पिछले साल भी हमारे सामने था।’’

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article