Michael Vaughan on South Africa Team: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की जीत से इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन बौखला गए हैं। सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रन से रोमांचक शिकस्त देकर टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखाया था। इसके बाद से वह बेतुकी बयानबाजी कर रहे हैं। माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका की टीम को मूर्ख तक कह दिया है।
साउथ अफ्रीका ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन किया। सुपर-8 में भारत के खिलाफ जीत दर्ज कर सभी को हैरान कर दिया था। भारत टूर्नामेंट से बाहर होने की दहलीज पर आ गया था। हालांकि, वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे को हराकर भारत ने सेमीफाइनल का टिकट कटाया। वहीं, दूसरी तरफ साउथ अफ्रीका ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई।
साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज मैच था निर्णायक
भारत के जब बाहर होने के आसार बन रहे थे तो समीकरण की सारी जिम्मेदारी साउथ अफ्रीका के हाथों में थी। साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच मुकाबले में अगर वेस्टइंडीज को जीत मिलती तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाता। लेकिन, प्रोटियाज टीम ने ऐसा नहीं होने दिया। उन्होंने वेस्टइंडीज को मात दी और भारत की राह आसान कर दी। अब माइकल वॉन ने इसी को साउथ अफ्रीकी सबसे बड़ी गलती बता दिया है।
माइकल वॉन ने अफ्रीका को बताया मूर्ख
'स्टिक टू क्रिकेट' पॉडकास्ट में माइकल वॉन ने साउथ अफ्रीका की टीम को मूर्ख बता दिया। वान ने कहा, मुझे लगता है कि टी20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट की सबसे मूर्ख टीम साउथ अफ्रीका रही। क्योंकि अगर साउथ अफ्रीका सुपर-8 में वेस्टइंडीज को जीतने देती तो भारत बाहर हो जाता। ये वो चीजें हैं जो हो सकती थी लेकिन हुईं नहीं। मैं यह कहना चाहता हूं कि यदि आपको टी20 वर्ल्ड कप जीतना है तो सबसे अच्छा तरीका है कि अच्छी टीमों को जल्दी बाहर कर दो।
भारत ने पलटा इतिहास
खैर अब 'खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे' वाली स्थित माइकल वॉन हैं। भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास बना दिया। टीम इंडिया पहली ऐसी टीम बनी जिसने, घर में, लगातार दूसरी बार और तीन बार खिताब जीतने का कमाल किया है।
