क्रिकेट

SA vs AUS First Test Day 2 Highlights: मैट रेनशॉ की शानदार शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका पर कसा शिकंजा

ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन मैट रेनशॉ के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी की बदौलत मैच में वापसी करते हुए अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। जानिए कैसा रहा दूसरे दिन के खेल का हाल?

Image

मैट रेनशॉ

Photo : AP

डरबन: ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन शानदार बल्लेबाजी करते हुए करियर की सर्वश्रेष्ठ 190 रन की पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 390 रन बनाने में सफल रहा। दिन का खेल समाप्त होने तक दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट पर 27 रन बना लिए थे। दक्षिण अफ्रीका अब ऑस्टेलिया से 363 रन पीछे हैं।

रेनशॉ ने खेली 190 रन की मैराथन पारी

रेनशॉ ने अपनी 190 रन की मैराथन पारी में 397 गेंदों का सामना करते हुए 21 चौके और एक छक्का लगाया। उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अहम साझेदारियां कर पहले दिन छह विकेट पर 124 रन के संकट में फंसी ऑस्ट्रेलियाई टीम को उबारा। नाथन लॉयन ने 92 गेंदों पर 27 रन बनाए और रेनशॉ के साथ नौवें विकेट के लिए 283 गेंदों में 134 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया।

6 विकेट पर 187 रन से आगे बढ़ाई ऑस्ट्रेलिया ने पारी

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन सुबह अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 187 रन से आगे बढ़ाई। कप्तान पैट कमिंस ने 33 रन बनाए और अपने पहले दिन के स्कोर में 10 रन जोड़े। दक्षिण अफ्रीका के वियान मुल्डर ने सुबह के सत्र में दो विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया की मुश्किलें बढ़ाईं। उन्होंने 27 ओवर में 68 रन देकर चार विकेट हासिल किए। रेनशॉ ने सुबह के सत्र में 204 गेंदों पर अपना दूसरा टेस्ट शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में 184 रन की पारी खेली थी।

दोहरे शतक से चूके रेनशॉ

लंच तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर आठ विकेट पर 277 रन था। रेनशॉ और लायन ने शानदार साझेदारी कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। रेनशॉ ने 311 गेंदों पर 150 रन पूरे किए। चायकाल के समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर नौ विकेट पर 390 रन था। मार्को यानसन ने 129वें ओवर में लायन को एलबीडब्ल्यू आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। यानसेन ने 68 रन देकर तीन विकेट लिए। रेनशॉ ने चायकाल से पहले अपने टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाया। इसके बाद उन्होंने जोश हेजलवुड (नाबाद पांच) के साथ 52 गेंदों में 26 रन जोड़कर टीम को 400 रन के करीब पहुंचाया। आखिरकार 138वें ओवर में साइमन हार्मर ने उन्हें स्लिप में कैच कराकर उनकी पारी का अंत किया।

दक्षिण अफ्रीका की खराब रही शुरुआत

दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। जोश हेजलवुड ने रयान रिकेल्टन को तीन गेंदों पर खाता खोले बिना कैच आउट करा दिया। दिन का खेल समाप्त होने पर डेविड बेडिंगहम 12 और एडेन मार्करम 15 रन बनाकर नाबाद थे। दूसरे दिन भी खेल निर्धारित समय से पहले रोकना पड़ा और 14.2 ओवर का खेल नहीं हो सका। पहले दिन के तीसरे सत्र में भी करीब 25 ओवर का खेल प्रभावित हुआ था।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article