राजगीर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पहली बार रणजी ट्रॉफी मैच की मेजबानी करने जा रहा है। 11 अक्टूबर को बिहार और उत्तर प्रदेश की टीम आमने-सामने होगी। बीते 8 अक्टूबर को बिहार के मुख्यमंत्री ने इसका ऐलान करते हुए बिहारवासियों को शुभकामना दी थी। उन्होंने इस स्टेडियम की झलक दिखाता हुआ एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो में उन्होंने लिखा कि इस बार का रणजी ट्रॉफी मैच पटना की वजाए राजगीर में होने जा रहा है। हालांकि, ऐहितियात के तौर पर फिलहाल यह मुकाबला फैंस के बिना खेला जाएगा। इस मुकाबले के लिए उत्तर प्रदेश की टीम पहले ही बिहार पहुंच गई है, लेकिन इस मुकाबले से पहले रिंकू सिंह ने राजगीर का जो नजारा देशवासियों को दिखाया है, उसे आप भूल नहीं पाएंगे और वहां की खूबसूरत वादियों में खो जाएंगे। राजगीर पहुंचे रिंकू ने मैच से ठीक एक दिन पहले वहां स्थित जू और नेचर सफारी का लुत्फ उठाया।
आई लव नेचर-बोले रिंकू
रिंकू सिंह ने अपने इस एडवेंचर टूर पर ग्लास ब्रिज का दीदार किया और वहां कई तस्वीरें भी खिंचवाई। ग्लास ब्रिज 85 फीट लंबा और 6 फीट चौड़ा है, जो घाटी से करीब 250 से 400 फीट की ऊँचाई पर बना है। इतनी ऊंचाई पर स्थिति इस पारदर्शी ब्रिज से नीचे जंगल की खूबसूरत वादियों को देखने नेचर लवर्स के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है। रिंकू ने इस ब्रिज पर शाहरुख खान का पोज देते हुए फोटो खिंचवाया। केकेआर में खेलने वाले रिंकू ना केवल इस टीम के उप-कप्तान हैं, बल्कि वह शाहरुख के बहुत बड़े फैन हैं। इतना ही नहीं इस दौरान रिंकू ने व्हाइट टाइगर का भी दीदार किया। रिंकू ने इंस्टाग्राम पर अपने इस एंडवेंचर टूर की स्टोरी शेयर की है, जिसमें उनके साथ उनके साथी खिलाड़ी भी मौजूद हैं।
