क्रिकेट

लता और क्रिकेटः विश्व कप में बहुत याद आएगा सबसे सुरीला फैन, कुछ किस्से जो क्रिकेट जगत नहीं भूल पाएगा

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Sep 28, 2023, 01:45 PM IST

Lata Mangeshkar and Cricket: भारत रत्न से सम्मानित सुर साम्राज्ञी लता मंगेश्कर आज बेशक हमारे बीच नहीं रहीं, लेकिन उनकी तमाम यादें ना सिर्फ उनके गानों से, बल्कि कुछ खास यादों के जरिए आज भी हमारे साथ हैं। कुछ यादें क्रिकेट से भी जुड़ी हैं। आज लता जी का जन्मदिन है और हम याद करेंगे कुछ ऐसे दिलचस्प किस्से जो ये बताने के लिए काफी हैं कि उनसे बड़ा क्रिकेट फैन नहीं हुआ।

Image

लता मंगेशकर और क्रिकेट का खूबसूरत रिश्ता

KEY HIGHLIGHTS
  • आज लता मंगेशकर का जन्मदिन
  • क्रिकेट से था लता मंगेशकर का गहरा लगाव
  • सचिन तेंदुलकर की कोई पारी देखना नहीं छोड़ती थीं लता

Lata Mangeshkar and Cricket Memories: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप का आगाज 5 अक्टूबर से भारत में होने जा रहा है। पूरी दुनिया क्रिकेट के इस सबसे बड़े आयोजन को देखने के लिए बेताब है। अब जब ये भारत में हो रहा हो तो करोड़ों भारतीय फैंस की दीवानगी देखते बनेगी। लेकिन एक चेहरा ऐसा होगा जिसकी कमी पूरी देश को खलने वाली है। एक ऐसा क्रिकेट फैन जिसने क्रिकेट के साथ ऐसा रिश्ता जोड़ा जो अंत तक कायम रहा। हम बात कर रहे हैं भारत रत्न सुर कोकिला लता मंगेशकर की, जिनका आज जन्मदिन है। वो बेशक आज इस दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनका क्रिकेट से कनेक्शन आज भी भूलाया नहीं जाता।

लता मंगेशकर क्रिकेट की बहुत बड़ी फैन थीं और ये सफर दशकों का रहा। जब देश आजाद होने के बाद भारतीय क्रिकेट ने अपने पंखों से पहली बार उड़ान भरी से लेकर जब देश को सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के रूप में एक ऐसा क्रिकेटर मिला जिसने दुनिया को सलाम करने पर मजबूर कर दिया। लता दीदी की आवाज जैसे दशकों से भारतीय लोगों के दिल में बसी रही है, उसी तरह सुर कोकिला में दिल में क्रिकेट हमेशा वास करता रहा। आइए जानते हैं इस खास कनेक्शन से जुड़ी कुछ यादगार बातें व किस्से।

स्टेडियम में वो खास दर्शक, मुंबई से लेकर इंग्लैंड तक

लता मंगेशकर को क्रिकेट से इतना लगाव था कि वो इस खेल को देखने के लिए अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर कहीं भी जाने को तैयार हो जाती थीं। उन्होंने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम से लेकर देश के तमाम अन्य मैदानों पर पहुंचकर टीम इंडिया का हौसला बढ़ाया, लेकिन सिर्फ यही नहीं, वो इसके लिए लंदन (इंग्लैंड) के प्रतिष्ठित मैदान लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड भी पहुंचीं और भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन किया। बताया जाता है कि उन्होंने लॉर्ड्स मैदान के पास एक घर तक ले लिया था जिसे बाद में उन्होंने बेच दिया।

Lata Mangeshkar cricketers concert

लता मंगेशकर का क्रिकेट टीम के लिए कॉन्सर्ट

जब अमीर नहीं था भारतीय क्रिकेट, लता ने खिलाड़ियों के लिए जुटा दिए 20 लाख रुपये

बात 1983 वनडे विश्व कप की है। भारतीय क्रिकेट टीम ने दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज का चक्रव्यूह तोड़ते हुए कपिल देव की अगुवाई में वो कर दिखाया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। भारत ने इंग्लैंड में विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया और पहली बार देश क्रिकेट चैंपियन के रूप से जाना गया। उन दिनों क्रिकेट प्रशासन इतना अमीर नहीं था, लेकिन खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए कुछ तो करना था। तब मशहूर क्रिकेट प्रशासक राज सिंह डूंगरपुर ने एक तरीका निकाला। वो लता दीदी के अच्छे मित्र थे। उन्होंने सुर कोकिला से खिलाड़ियों के लिए एक कॉन्सर्ट में गाने की गुजारिश की और लता तुरंत मान गईं। उस कॉन्सर्ट में लता की मौजूदगी के कारण 20 लाख रुपये जमा हो गए और इन्हें विश्व कप विजेता टीम में बांटा गया। बताया जाता है कि लता ने उस इवेंट के लिए एक पैसा नहीं लिया। इसके बाद क्रिकेट बोर्ड ने भारत के हर मैदान पर लता जी के परिवार के लिए दो वीआईपी टिकट हमेशा के लिए रिजर्व कर दिए थे।

जब टीम हारती थी, तब..

भारतीय क्रिकेट टीम जब हार जाया करती थी तब लता मंगेशकर कई बार बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को फोन किया करती थीं। राजीव शुक्ला ने एक बार एक इंटरव्यू में बताया था कि टीम के हारने पर लता जी उनको फोन करके पूछतीं- राजीव जी, हम ये मैच हार कैसे गए? इसको हम आराम से जीत सकते थे, इतने रन तो बन सकते थे।" ये बताता था कि वो क्रिकेट सिर्फ देखना पसंद नहीं करती थीं बल्कि खेल की बारीकियों से भी अच्छे से वाकिफ रहती थीं।

LATA SACHIN

लता मंगेशकर और सचिन तेंदुलकर

लता और सचिन, दो भारत रत्न

दो भारत रत्न, लता मंगेशकर और सचिन तेंदुलकर। दोनों का एक दूसरे के प्रति सम्मान देखने योग्य था। लता दीदी सचिन तेंदुलकर की बहुत बड़ी फैन थीं, जब उन्होंने मैदान पर जाना बंद कर दिया था, तब वो घर पर टीवी पर बैठकर सचिन की किसी भी पारी को देखना नहीं भूलती थीं। सचिन उनको 'आई' बुलाया करते थे जिसका मतलब मां होता है। जब सचिन को भारत रत्न नहीं मिला था, उससे पहले से लता कहती थीं कि- 'तुम मेरे लिए हमेशा से भारत रत्न हो, जो तुमने देश के लिए किया है इतने सालों तक, वो बहुत कम लोग कर सकते हैं।' सचिन जब भी मौका मिलता था, लता जी के घर पर जाकर उनसे मिलते जरूर थे।

Lata Mangeshkar and Sachin Tendulkar

सचिन तेंदुलकर के साथ लता मंगेशकर

लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर में हुआ था। वो बॉलीवुड की सबसे प्रसिद्ध गायिका रहीं जिन्होंने सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया जिसे बाद में उनकी बहन आशा भोंसले ने तोड़ा था। लता जी का 6 फरवरी 2022 को 92 वर्ष की उम्र में मुबई में निधन हो गया था।

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article