बिहार के जमुई में नाबालिग के साथ हुई कुत्सित घटना को लेकर सियासी विवाद और तेज हो गया है। जहां विपक्षी दल सत्ताधारी भाजपा पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं वहीं अब भाजपा भी इसे लेकर विपक्ष के खिलाफ उतर आई है। भारतीय जनता पार्टी की एमएलसी शीला पंडित ने आरजेडी नेता और लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने मीसा भारती के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, साथ ही आरोप लगाया है कि मीसा भारती ने नाबालिग पीड़िता की तस्वीर मीडिया के सामने दिखाई और बाद में उसे सोशल मीडिया पर साझा किया, जिससे उसकी पहचान उजागर होने की आशंका पैदा हुई।
इसे लेकर शीला पंडित ने पटना के सचिवालय थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मामले में एफआईआर दर्ज करने, संबंधित वीडियो फुटेज, तस्वीरों और सोशल मीडिया पोस्ट को सुरक्षित रखने तथा उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
POCSO और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट का हवाला
बीजेपी एमएलसी ने अपनी शिकायत में पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की उन धाराओं का हवाला दिया है, जिनके तहत यौन अपराध के पीड़ित बच्चे की पहचान उजागर करने वाली जानकारी साझा करने पर रोक है। उन्होंने पुलिस से नाबालिग और उसके परिवार की निजता व गरिमा की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की भी मांग की।यह घटनाक्रम मीसा भारती की ओर से इसी थाने में की गई शिकायत के एक दिन बाद सामने आया है। मीसा भारती शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थीं। उन्होंने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के एक्स हैंडल से जमुई की पीड़िता और उसके परिवार की तस्वीरें पोस्ट की गईं और कुछ मिनट बाद उन्हें हटा दिया गया।
