क्रिकेट

Rajasthan Royals New Coach: राजस्थान रॉयल्स को मिला नया कोच, राहुल द्रविड़ को रिप्लेस करेंगे ये दिग्गज

राजस्थान रॉयल्स को अपना नया हेड कोच मिल गया है। अब टीम को नए कप्तान की तलाश है। राहुल द्रविड़ के कोचिंग पद से हटने के बाद राजस्थान कोच की तलाश में था। संजू सैमसन के जाने के बाद अब नया कप्तान कौन होगा, टीम अब इसकी तलाश में जुटेगी।

Image

राजस्थान रॉयल्स (साभार-IPL)

आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स को दो लोगों की तलाश है। संजू सैमसन के जाने के बाद कप्तानी की जगह खाली हुई थी, जबकि राहुल द्रविड़ के जाने के बाद हेड कोच की कुर्सी भी खाली थी। कोच की तलाश राजस्थान रॉयल्स की पूरी हो गई जबकि नया कप्तान उन्हें अब भी ढूंढना है। सोमवार को राजस्थान रॉयल्स ने श्रीलंका के दिग्गज कुमार संगकारा को 2026 में होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए अपना मुख्य कोच नियुक्त किया। पूर्व कोच द्रविड़ ने इस साल अगस्त में फ्रेंचाइजी छोड़ दी थी। संगकारा 2021 से इस फ्रेंचाइजी के क्रिकेट निदेशक रहे हैं। वह 2021 से 2024 तक मुख्य कोच की भूमिका भी निभा रहे थे।

राजस्थान रॉयल्स ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘क्रिकेट निदेशक कुमार संगकारा आईपीएल 2026 के लिए मुख्य कोच के रूप में भी कार्यभार संभालेंगे।‘‘ राजस्थान रॉयल्स के मालिक मनोज बडाले ने एक बयान में कहा, ‘‘कुमार (संगकारा) की मुख्य कोच के रूप में वापसी से हम बहुत खुश हैं। इस समय टीम की ज़रूरतों को देखते हुए हमें लगा कि टीम के साथ उनकी सहजता, उनका नेतृत्व और रॉयल्स संस्कृति की उनकी गहरी समझ टीम के प्रदर्शन में निरंतरता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। हमें उनके कौशल पर पूरा भरोसा है।’’

पूर्व भारतीय कप्तान द्रविड़ का कार्यकाल अचानक समाप्त हो गया, जो 2025 में लंबी अवधि के अनुबंध के साथ फ्रेंचाइज़ी में लौटे थे। टी20 विश्व कप विजेता पूर्व राष्ट्रीय कोच ने इस साल की शुरुआत में टीम के खराब प्रदर्शन की ‘‘संरचनात्मक समीक्षा‘‘ के बाद पद छोड़ दिया। राजस्थान रॉयल्स का पिछले सत्र में प्रदर्शन बेहद खराब रहा था तथा उसकी टीम 10 टीमों के इस टूर्नामेंट में 14 मैचों में से केवल चार जीत के साथ नौवें स्थान पर रही थी। राजस्थान रॉयल्स ने पिछले सत्र तक अपने कप्तान रहे संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड किया है। इसके बदले में उसने रविंद्र जडेजा को अपनी टीम में शामिल किया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article