Kuldeep Yadav ki Shadi me Yuzvendra Chahal: कुलदीप यादव और वंशिका की शादी पहाड़ों की रानी कहे जाने वाले मसूरी में हो रही है। मसूरी के सेवॉय होटल में रिश्तेदार और मेहमान जमा हो चुके हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज कुलदीप यादव की शादी के कार्यक्रमों की शुरुआत गुरुवार से हुई। पहले दिन मेहंदी सेरेमनी का आयोजन हुआ। इसके बाद शुक्रवार को हल्दी सेरमनी हुई। आज 14 मार्च को शादी का आयोजन होना है।
देखने को मिली 'कुलचा' की जोड़ी
कुलदीप यादव की शादी में 'कुलचा' की जोड़ी देखने को मिली। इसके कई सारे वीडियो सामने आए हैं। इन वीडियो में स्पिनर युजवेंद्र चहल जमकर मौज-मस्ती करते नजर आ रहे हैं।वीडियो में आप देख सकते हैं कि हल्दी सेरेमनी के दौरान युजवेंद्र चहल अपने दोस्त कुलदीप यादव के गालों पर हल्दी लगा रहे हैं।
वीडियो में आप यह भी देख सकते हैं कि युजवेंद्र चहल कुलदीप के परिवार के सदस्यों के साथ डांस करते भी दिख रहे हैं। युजवेंद्र चहल टीम इंडिया के अपने साथी खिलाड़ी कुलदीप यादव के साथ मौज मस्ती भी कर रहे हैं। वहीं शादी से पहले कुलदीप और वंशिका बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
दिग्गज क्रिकेटर करेंगे शिरकत
माना जा रहा है कि कुलदीप की शादी में कई नामी क्रिकेटर पहुंचेंगे। टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव के भी शादी में पहुंचने की संभावना है। वहीं खबर है कि पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी शादी में पहुंंचेंगे। इसके अलावा मोहम्मद सिराज के भी शादी में शामिल होने की खबर है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी कुलदीप की शादी में पहुंचे हैं।
किससे हो रही है कुलदीप की शादी
कुलदीप यादव की शादी उनकी बचपन की दोस्त वंशिका से हो रही है। दोनों ने 4 जून, 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। कुलदीप और वंशिका दोनों ही कानपुर के रहने वाले हैं। उनके घर की दूरी मात्र 3 किमी है। जहां कुलदीप यादव लाल बंगलो इलाके के रहने वाले हैं, वहीं वंशिका का घर श्याम नगर में है। वंशिका ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से पढ़ाई की है। बताया जा रहा है कि वह भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में काम करती हैं।
क्रिकेट की ताजा ख़बरें (Cricket News in Hindi )पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Sports पर. और आईपीएल 2026 अंक तालिका, ऑरेंज कैप और पर्पल कैप की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
