आईपीएल शुरू होने में एक हफ्ते से भी कम का वक्त बचा है, लेकिन इससे पहले 1983 वर्ल्ड कप टीम के विजेता खिलाड़ी ने मुंबई इंडियंस की टीम मैनेजमेंट के सामने अजीबोगरीब मांग रख दी है। दरअसल उनकी डिमांड है कि आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस को अपना कप्तान बदल देना चाहिए। आपको बता दें कि हार्दिक पांड्या को साल 2024 में इस टीम की कमान सौंपी गई थी। बतौर कप्तान मुंबई के साथ उनका पहला साल फीका रहा। इस साल मुंबई ने इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन किया और आखिरी पर फिनिश किया। हालांकि, पिछले सीजन मुंबई ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया। इसके बावजूद कृष्णमाचारी श्रीकांत का मानना है कि हार्दिक को कप्तानी से हटा दिया जाना चाहिए।
हार्दिक-रोहित और सूर्या को करनी चाहिए बात
श्रीकांत का मानना है कि एक बार हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव को साथ बैठना चाहिए और भविष्यक का रोडमैप तैयार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कप्तानी उनके समझ से परे है। दो-दो वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान रोहित और सूर्या, हार्दिक की कप्तानी में खेल रहे हैं।
सूर्यकुमार यादव करें मुंबई की कप्तानी
श्रीकांत यहीं नही रुके उन्होंने कहा कि एक बार इन सीनियर खिलाड़ियों को साथ बैठना चाहिए। उन्होंने टीम मैनेजमेंट से भी गुजारिश की, कि इस बार सूर्यकुमार यादव को टीम की कमान सौंपी जानी चाहिए। इससे उनका भाग्य बदल सकता है। मुंबई इंडियंस ने अपना आखिरी ट्रॉफी 6 साल पहले जीता था। उन्होंने कहा कि हार्दिक एक अच्छे कप्तान हैं, लेकिन उनके लीडरशिप में दो वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान खेलें यह अंदरुनी मामला लगता है, जिसे सुलझाया जाना चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने हार्दिक पांड्या से गुजारिश की वह खुद कप्तानी सूर्यकुमार यादव को सौंप दें।
श्रीकांत के दावों में कोई दम नहीं लगता। हार्दिक उन लकी कप्तानों में से एक हैं जिन्होंने पहले ही सीजन में ट्रॉफी उठाने में सफलता पाई थी। उनके अलावा केवल 3 कप्तान ही यह कारनामा कर पाए हैं। द ग्रेट शेन वॉर्न ने साल 2008 में, रोहित शर्मा ने 2013 में और 2025 में रजत पाटीदार ने यह कारनामा किया था।
