क्रिकेट

केकेआर ने मारी मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अपने पैर पर कुल्हाड़ी, भारी पड़ेगी भूल

कोलकाता नाईट राइडर्स ने मुंबई इंडियन्स के खिलाफ अहम मुकाबले में बड़ी भूल कर दी है। ये भूल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ लीग दौर के आखिरी मुकाबले में उसे भारी पड़ सकती है। जानिए क्या है पूरा मामला?

Image

अंगकृष रघुवंशी और वरुण चक्रवर्ती

Photo : AP

कोलकाता नाईट राइडर्स ने बुधवार को मुंबई इंडियन्स के खिलाफ ईडेन गार्डन्स मैदान पर खेले गए मुकाबले में 4 विकेट से जीत दर्ज करके अपनी प्लेऑफ में पहुंचने की संभावनाओं को जिंदा रखा है। केकेआर को जीत के लिए 148 रन का आसान लक्ष्य मिला था जिसे उसने 18.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में जीत के साथ केकआर के खाते में 13 मैच में 6 जीत, 6 हार और एक रद्द मुकाबले के साथ कुल 13 अंक हो गए हैं। केकआर का नेट रन रेट 0.011 का है और वो अंक तालिका में छठे पायदान पर काबिज हो गई है।

केकेआर ने कर दी बड़ी भूल

कोलकाता नाईट राइडर्स 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर आखिरी लीग मैच खेलेगी। यह मुकाबला सीजन का भी आखिरी लीग मैच होगा। इस करो या मरो के मुकाबले में जीत दर्ज करके कोलकाता 15 अंक तक पहुंच सकती है। लेकिन प्लेऑफ में एंट्री के लिए उसे मुंबई इंडियन्स की राजस्थान रॉयल्स क खिलाफ 24 मई को खेले जाने वाले मुकाबले में जीत की दुआ करनी होगी। अगर राजस्थान अपना आखिरी मैच गंवा देती है तो केकेआर के पास दिल्ली के खिलाफ मुकाबले से पहले सारी स्थित स्पष्ट होगी। लेकिन इस करो या मरो के मुकाबले से पहले केकेआर के टीम मैनेजमेंट ने एक बड़ी भूल कर दी। केकेआर ने ये गलती अंगकृष रघुवंशी को लेकर की है।

वरुण चक्रवर्ती से हुई थी कैच लेते हुए भिड़ंत

बुधवार को अंगकृष रघुवंशी फील्डिंग के दौरान वरुण चक्रवर्ती से कैच लेते हुए भिड़ गए थे। उस टकराव के दौरान तिलक वर्मा का कैच छूट गया। इसके बाद रघुवंशी मैदान से बाहर चले गए और फिर बल्लेबाजी के लिए भी नहीं लौटे। जीत के लिए 148 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए केकेआर की पारी आखिरी ओवरों में लड़खड़ाने लगी तब टीम मैनेजमेंट ने कन्कशन सब्स्टीट्यूट नियम का उपयोग किया और विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया को बल्लेबाजी के लिए मैदान पर भेज दिया। ऐसा करके केकेआर ने आखिरी मुकाबले से पहले बड़ी चूक कर दी।

अगले सात दिन नहीं कर सकेंगे अभ्यास

अंगकृष रघुवंशी की जगह तेजस्वी दहिया को खिलाना केकेआर के लिए भारी पड़ता दिख रहा है। कन्कशन सब बनने के बाद अंगकृष रघुवंशी दिल्ली के खिलाफ मुकाबले के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। ऐसा कनक्शन प्रोटोकॉल की वजह से होगा। खिलाड़ी कन्कशन की वजह से बाहर होने के बाद कम से कम सात दिन तक खिलाड़ी किसी भी मैच या अभ्यास में शामिल नहीं हो सकता। मैदान पर वापसी से पहले खिलाड़ी को फिटनेस टेस्ट पास करना होता है। ऐसे में सीजन में केकेआर के सबसे सफल बल्लेबाज अंगकृष सबसे अहम मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।

केकेआर के हैं सबसे सफल बल्लेबाज

अंगकृष ने सीजन में खेले 13 मैच में 2 बार नाबाद रहते हुए 42.20 के औसत और 146.53 के स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं। इसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। नाबाद 82 उनका सीजन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी टीम के लिए परेशानी का सबब बनेगी।

खलेगी रघुवंशी की कमी

अंगकृष रघुवंशी ने वरुण चक्रवर्ती से भिड़ंत होने के बाद गर्दन में दर्द की शिकायत की थी। शेन वॉटसन ने प्रेस कॉन्फेंस के दौरान बताया कि रघवुंशी दुर्भाग्यपुर्ण तरीके से कैच लेते हए चोटिल हो गए। वरुण से टकराने के बाद उनकी गर्दन में दर्द था। उनके सिर में भी थोड़ा दर्द हुआ। इस वजह से वो टीम के लिए बल्लेबाजी भी नहीं कर सके। मुझे पता है कि वो वापसी करने के लिए कितने आतुर हैं वो एक कड़े प्रतिद्वंद्वी हैं हमें उनकी बल्लेबाजी में निश्चित तौर पर कमी खलेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article