क्रिकेट

VIDEO: ईशान किशन को नहीं दिख रही थी बॉल, अंदाजे से बढ़ाया हाथ और पकड़ा टी20 का बेस्ट कैच; खुद किया खुलासा

वेस्टइंडीज की पारी के 14वें ओर की पहली गेंद पर ईशान किशन ने मैथ्यू फोर्ड का एक अद्भुत कैच लपका। कैच पकड़ने के बाद किसी को यह यकीन नहीं हुआ कि ईशान ने कैच कैसे लपका। मैच खत्म होने के बाद ईशान किशन ने इस कैच से पर्दा हटाया। उन्होंने बताया कि कैसे उन्होंने नो-लुक कैच लपका।

Image

ईशान किशन ने लपका नो-लुक कैच।

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन अपने सबसे बेहतरीन दौर से गुजर रहे हैं। बैटिंग हो या फिर विकेटकीपिंग या फील्डिंग हर चीज में ईशान कमाल कर रहे हैं। ऐसा ही कुछ वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पहले टी20 मैच में फील्डिंग करते हुए देखने को मिला। उन्होंने फील्डिंग के दौरान बाउंड्री पर एक अद्भुत नो-लुक कैच लपका, जिसके बाद वह और स्टैंड में बैठे दर्शक भी हैरान रह गए। मैच के बाद उन्होंने बताया कि उन्हें बॉल नहीं दिख रही थी और अंदाजा लगाकर कैच लपका।

वेस्टइंडीज की पारी के 14वें ओर की पहली गेंद पर ईशान किशन ने मैथ्यू फोर्ड का एक अद्भुत कैच लपका। फोर्ड ने कुलदीप के खिलाफ पूरी ताकत के साथ बल्ला घुमाया। गेंद मिड विकेट की तरफ लगभग बाउंड्री को पार करती हुई दिख रही थी, लेकिन बीच में ईशान किशन आ गए। ईशान ने बाउंड्री के पास पहले लंबी दौड़ लगाई, लेकिन अंतिम समय पर ईशान की नजर गेंद से हट गई थी और वह अपना संतुलन खो चुके थे। इस दौरान उन्होंने अंदाजा लगाया और नो लुक अंदाज में कैच पकड़ लिया। ईशान किशन के इस कैच को देखकर हर कोई हैरान था। खुद ईशान किशन को भी अपने कैच पर भरोसा नहीं कर पा रहे थे।

'मुझे थोड़ा अंदाजा था'

मैच खत्म होने के बाद जब ईशान किशन से कैच के बारे में पूछा गया कि उन्होंने ऐसा अद्भुत कैच कैसे पकड़ा तो उन्होने कहा, मैं बॉल को जज नहीं कर पा रहा था, क्योंकि वह सीधे लाइट्स से आ रही थी, इसलिए ठीक से दिख नहीं रही थी, लेकिन मुझे थोड़ा सा अंदाजा था कि बॉल मेरी कमर के पास आएगी। इसलिए मैंने बस उसे पकड़ने की कोशिश की और मैं शुक्रगुजार हूं कि बाद में वह मेरे हाथ में थी।

बल्ले से भी किया कमाल

ईशान किशन ने मैच में अपनी फील्डिंग के दौरान दो कैच लपके। फील्डिंग में महत्वपूर्ण योगदान देने के बाद ईशान किशन ने बल्लेबाजी के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर का भरपूर साथ दिया। उन्होंने संभल कर खेलते हुए स्ट्राइक रोटेट की। किशन जब 25 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे तो उन्हें एक जीवन दान मिला। इसके बाद उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को उन्हें आउट करने का कोई मौका नहीं दिया। किशन ने 27 गेंद पर पांच चौके की मदद से नाबाद 37 रन की पारी खेली। साथ ही कप्तान श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 67 गेंद पर नाबाद 137 रन की साझेदारी की।

    Umesh Kumar
    उमेश कुमारauthor

    उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

    और पढ़ें
    End of Article