क्रिकेट

IND vs WI: श्रेयस अय्यर की रिकॉर्ड तोड़ शतकीय पारी, भारत ने पहले T20I मैच में वेस्टइंडीज को रौंदा

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में श्रेयस अय्यर नाम का तूफान आया। भारतीय कप्तान ने नाबाद शतकीय पारी खेलते हुए भारत को पहले टी20 मुकाबले में 8 विकेट से जीत दिलाई। पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने 171 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 14.4 ओवर में दो विकेट गंवाकर मैच 8 विकेट से अपने नाम कर लिया। श्रेयस अय्यर ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली सेंचुरी जड़ी।

Image

भारत ने वेस्टइंडीज को 8 विकेट से हराया। फोटो- BCCI

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। जापान में समाप्त हुए एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर भारत लौटी टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में विजेता वाला खेल दिखाया। लखनऊ के इकाना में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिली। उन्होंने रनचेज करते हुए नाबाद शतकीय पारी खेलकर टीम इंडिया को 8 विकेट से जीत दिलाई।

इकाना में टॉस जीतकर श्रेयस अय्यर ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हरफनमौला नमन धीर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार डेब्यू करते हुए अपनी ऑफ स्पिन से तीन विकेट झटके, जिससे भारत ने पांच मैचों की सीरीज के पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में वेस्टइंडीज को 19.1 ओवर में 171 रन पर समेट दिया।

अर्शदीप ने दिलाई पहली सफलता

पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत तेज रही। होप ने दूसरे ओवर में मयंक यादव की गेंद पर चार चौके जड़ दिए। इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने तीसरे ओवर में मयंक की जगह अक्षर पटेल को गेंद सौंप दी। भारत को पहली सफलता अर्शदीप सिंह ने कामिल पूरन (12) को बोल्ड कर दिलाई। छठे ओवर में वेस्टइंडीज को दोहरा झटका लगा। पहले शिमरन हेटमायर (5) रन आउट हुए और फिर अक्षर पटेल ने रोवमन पॉवेल को खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया।

नमन धीर ने चटकाए तीन विकेट

इसके बाद रदरफोर्ड ने वेस्टइंडीज की पारी को संभाला। उन्होंने नौवें ओवर में कुलदीप यादव पर दो छक्के लगाए और 11वें ओवर में अक्षर पटेल के खिलाफ दो चौके और एक छक्का जड़ा। रदरफोर्ड के आने के बाद दूसरे छोर से बल्लेबाजी कर रहे होप ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। धीर ने 12वें ओवर में उन्हें अक्षर के हाथों डीप मिडविकेट पर कैच कराकर पवेलियन भेजा। इसके बाद कुलदीप ने रोस्टन चेज (5) को पगबाधा आउट किया। 12.3 ओवर में वेस्टइंडीज का स्कोर पांच विकेट पर 114 रन हो गया।

रोमारियो शेफर्ड (7) ने धीर की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर तिलक वर्मा को कैच दे बैठे। कुलदीप की गेंद पर ईशान किशन ने शानदार कैच लेकर मैथ्यू फोर्ड की दो रन की पारी का अंत किया। धीर ने इसके बाद शमर स्प्रींगर को अक्षर पटेल के हाथों कैच कराकर अपना तीसरा विकेट हासिल किया।

मयंक रहे महंगे

चोट के बाद वापसी कर रहे तेज गेंदबाज मयंक यादव इस मुकाबले में महंगे साबित हुए, लेकिन पारी के 19वें ओवर में उन्होंने रदरफोर्ड का महत्वपूर्ण विकेट हासिल किया, जिन्हें धीर ने डीप स्क्वायर लेग पर कैच किया। अंत में अक्षर पटेल ने अकील हुसैन (15) को ईशान के हाथों लॉन्ग ऑन पर कैच कराकर वेस्टइंडीज की पारी समेट दी।

भारत की तेज शुरुआत

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने तेज शुरुआत की, लेकिन 29 के स्कोर पर अभिषेक शर्मा 21 रन बनाकर आउट हो गए। रोस्टन चेज ने अभिषेक को शिमरन हेटमायर के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद अकील हुसैन ने अपनी वेरिएशन से संजू सैमसन को अपने जाल में फंसाया। संजू सैमसन 11 रन बनाकर कॉट एंड बोल्ड हुए।

श्रेयस अय्यर की तूफानी पारी

इसके बाद श्रेयस अय्यर और ईशान किशन ने पारी को संभाला। दोनों ने संभल कर खेलते हुए पहले अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद 67 गेंद पर नाबाद 137 रन की साझेदारी कर टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी। श्रेयस अय्यर ने 42 गेंद पर 10 चौके और 6 छक्कों की मदद से अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक पूरा किया। श्रेयस पहले कप्तान बने जिन्होंने रन चेज करते हुए शतक जड़ा। वह 102 रन बनाकर नाबाद रहे। अय्यर ने 28 गेंद पर अपना अर्धशत पूरा किया था।

वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे तेज शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बने। उन्होंने फॉफ डु प्लेसिस (46 गेंद) के रिकॉर्ड को तोड़ा। वहीं, ईशान किशन 27 गेंद पर 37 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत ने पांच मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मुकाबला रांची में खेला जाएगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article