क्रिकेट

वैभव सूर्यवंशी को 'TIME100 नेक्स्ट इंडिया' में मिली जगह, अभिनेता आयुष्मान खुराना ने की जमकर तारीफ

Ayushman Khurana praises Vaibhav Suryavanshi: भारत के युवा क्रिकेटर 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी करोड़ों लोगों के लिए मिसाल बन चुके हैं और अब उनका नाम TIME100 नेक्स्ट इंडिया की प्रतिष्ठित सूची में भी शामिल कर लिया गया है। जब बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना ने वैभव को लेकर बात की, तो उन्होंने तारीफ में कुछ बेहद खास बातें कहीं।

Image

टाइम100 नेक्स्ट इंडिया में वैभव सूर्यवंशी के शामिल होने पर आयुष्मान खुराना ने की तारीफ (PTI/X)

अभिनेता आयुष्मान खुराना ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि वह बदलते भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं और याद दिलाते हैं कि भविष्य उन्हीं का है जो अलग तरह से सोचते हैं। खुराना ने सूर्यवंशी के लिए एक भावुक संदेश लिखा है जिन्हें भारत की पहली ’टाइम 100 नेक्स्ट’ सूची में शामिल किया गया है।

इस प्रतिष्ठित सूची में देश के भविष्य को आकार देने वाले 100 असाधारण नेतृत्वकर्ताओं और उभरती प्रतिभाओं को जगह दी गई है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर, मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन, भारोत्तोलक मीराबाई चानू, विश्व शतरंज चैंपियन डी गुकेश, पूर्व टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और भारतीय महिला हॉकी टीम की गोलकीपर सविता को भी इस सूची में शामिल किया गया है। खुराना भी ’टाइम 100 नेक्स्ट’ सूची में शामिल हो चुके हैं और उन्हें ’टाइम इम्पैक्ट अवार्ड’ भी मिल चुका है।

खुराना ने लिखा, "जब वैभव सूर्यवंशी मैदान पर अपना बल्ला घुमाते हैं तो वह हमें याद दिलाते हैं कि भविष्य उन्हीं का है जो अलग तरह से सोचते हैं। वह खेल के विलक्षण प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं लेकिन मेरा मानना है कि उनका महत्व सिर्फ इतना ही नहीं है।" उन्होंने कहा, "वैभव बदलते भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। 14 साल की उम्र में इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी बनने से लेकर एक साल से कुछ अधिक समय बाद 2026 में रिकॉर्ड बनाने वाले मुकाबलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने तक का उनका शानदार सफर दिखाता है कि प्रतिभा कहीं से भी उभर सकती है।"

खुराना का मानना है कि सूर्यवंशी का सफर और उनकी उपलब्धियां लाखों युवा भारतीयों को बड़े सपने देखने का साहस भी दे सकती हैं। इस अभिनेता ने कहा, "लेकिन वैभव की सफलता का असली पैमाना उनके बनाए रनों से कहीं आगे है। जब एक अरब सपनों को असाधारण बनने की आजादी मिलती है तो क्या होता है?"

उन्होंने कहा, "इसका जवाब तो समय ही देगा लेकिन हो सकता है कि वैभव अपने बल्ले और अपने बेबाक अंदाज से इसका जवाब देने के लिए पहले से ही तैयार हों।"

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article