क्रिकेट

IND vs NZ: मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर क्यों रखा? जानिए बैटिंग कोच ने क्यों कहा कि फैसला गलत नहीं था

Why Mohammed Siraj was left out of Playing-11 In IND vs NZ 1st Test: वेलिंगटन में शुरू हुए भारत-न्यूजीलैंड पहले टेस्ट मैच में शुरुआत में तो जसप्रीत बुमराह के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड के 5 विकेट 70 रन पर गिरा दिए लेकिन उसके बाद न्यूजीलैंड ने बिना विकेट गंवाए 243 रन बना डाले हैं। ऐसे में सवाल उठा है कि मोहम्मद सिराज जब लय में थे तो उन्हें बाहर क्यों रखा गया। इसका जवाब बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने क्या दिया, यहां जानिए।

Image

मोहम्मद सिराज को प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर उठे सवाल (Instagram/mohammedsirajofficial)

IND vs NZ 1st Test: भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने बृहस्पतिवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश से बाहर रखने के टीम प्रबंधन के फैसले का बचाव करते हुए कहा कि टीम का चयन सिर्फ पहले दिन को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि पांचों दिन की जरूरतों के हिसाब से किया गया।

भारत ने जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाले चार तेज गेंदबाजों के आक्रमण में सिराज की जगह अंशुल कंबोज को शामिल किया। इस आक्रमण में प्रसिद्ध कृष्णा और आकाश दीप भी शामिल हैं। कोटक ने पत्रकारों से कहा, "सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है। टीम चुनते समय हमें लगा कि यह सर्वश्रेष्ठ एकादश है। मुझे नहीं लगता कि सिराज को बाहर रखना गलत फैसला था। यह सिर्फ पहला दिन है। हम टीम का चयन केवल पहले दिन के लिए नहीं बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन को ध्यान में रखकर भी करते हैं।"

वाशिंगटन सुंदर को प्राथमिकता देने के फैसले पर कोटक ने कहा कि न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के कारण टीम प्रबंधन ने यह फैसला किया। उन्होंने कहा, "हमने वाशिंगटन को प्राथमिकता दी क्योंकि उनके शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज थे। इस मैच के लिए यह सर्वश्रेष्ठ संभावित गेंदबाजी आक्रमण है।"

बुमराह की अगुवाई में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने न्यूजीलैंड का स्कोर 23 ओवर में चार विकेट पर 60 रन कर दिया था लेकिन 30 ओवर के बाद कूकाबूरा गेंद की चमक फीकी पड़ने पर उनके तीन साथी तेज गेंदबाजों की कमियां उजागर हो गईं। इसके बाद हेनरी निकोल्स (नाबाद 113) और ग्लेन फिलिप्स (नाबाद 94) ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को दिन का खेल समाप्त होने तक पांच विकेट पर 243 रन तक पहुंचा दिया।

सिर्फ 126 से 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी कर रहे कंबोज का बचाव करते हुए कोटक ने कहा कि उनकी गति को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, "हां, गति का महत्व तीसरे स्पैल में ही ज्यादा होता है। कंबोज की गति 130, 128 और कुछ गेंदों पर 126 किमी प्रति घंटा रही। यह ठीक है।" कोटक ने प्रसिद्ध कृष्णा का भी समर्थन किया। उन्होंने स्वीकार किया कि कर्नाटक का यह तेज गेंदबाज आक्रामक अंदाज में गेंदबाजी करता है और इस कारण कभी-कभी अधिक रन दे सकता है लेकिन केवल दिए गए रनों के आधार पर उसका आकलन करना उचित नहीं होगा।

उन्होंने कहा, "हम जानते हैं कि प्रसिद्ध आक्रामक गेंदबाज है और यह भी जानते हैं कि वह कुछ रन खर्च करेगा। जब वह विकेट लेता है तो हमें अच्छा लगता है लेकिन जब उसकी गेंदों पर रन बनते हैं तो हमें अच्छा नहीं लगता। किसी गेंदबाज को इस तरह देखना उचित नहीं है।"

न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कोटक ने कहा कि मेजबान टीम ने परिस्थितियों का अच्छी तरह सामना किया और उसे इसका श्रेय दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि धूप निकलने के कारण पिच की नमी उम्मीद से जल्दी सूख गई।

कोटक ने कहा, "मौसम अच्छा था और धूप निकली हुई थी इसलिए पिच की नमी उम्मीद से जल्दी सूख गई। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्हें इसका श्रेय देना चाहिए। उन्होंने स्पिनर के खिलाफ जोखिम भी नहीं लिया। नई गेंद से गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिल रही थी।"

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article