क्रिकेट

बेनक्रॉफ्ट के नए खुलासों को खारिज किए बिना कमिंस के लिए ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी करना होगा मुश्किल: हीली

Ball Tampering Scandal Update: 2018 बॉल टैम्परिंग कांड का भूत जब से उस्मान ख्वाजा के खुलासों के बाद दोबारा जागा है, तब से रोज नए खुलासे होते जा रहे हैं। अब उस प्रकरण में शामिल रहे क्रिकेटर कैमरून बेनक्रॉफ्ट ने भी नए खुलासे कर दिए हैं। इस पर पूर्व क्रिकेट इयान हीली ने पैट कमिंस को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

Image

पैट कमिंस को लेकर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर इयान हीली का बड़ा बयान (AP/PTI)

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज इयान हीली ने कहा है कि पैट कमिंस के लिए टेस्ट टीम की कप्तानी करना तब तक मुश्किल होगा जब तक वह 2018 के केपटाउन टेस्ट में गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की पूरी टीम को जानकारी होने के कैमरन बेनक्राफ्ट के दावे को स्पष्ट रूप से खारिज नहीं करते।

’सैंडपेपरगेट’ (रेगमाल की मदद से गेंद से छेड़छाड़ का मामला) विवाद के प्रमुख किरदारों में से एक बेनक्राफ्ट ने मंगलवार को दावा किया था कि पूरी टीम को इस साजिश की जानकारी थी लेकिन अंत में इसकी पूरी जिम्मेदारी उन्हें ही उठानी पड़ी। इससे पहले कमिंस ने पूर्व साथी खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए इस दावे को पूरी तरह बकवास बताया था कि पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की जानकारी थी।

इस विवाद पर अपनी राय रखते हुए हीली ने कहा, "मुझे लगता है कि जब तक कमिंस कैमरन बेनक्राफ्ट के बयान को दोबारा स्पष्ट रूप से खारिज नहीं करते तब तक उनके लिए टीम की कप्तानी करना मुश्किल होगा।" उन्होंने ’एसईएन’ से कहा, "इस प्रेस कांफ्रेंस के बाद उनकी विश्वसनीयता को बड़ा झटका लगा है क्योंकि अब यह साबित हो गया है कि मामला वैसा पूरी तरह नहीं था जैसा पैट ने बताया था।"

यह पूछे जाने पर कि क्या कमिंस को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का पद छोड़ देना चाहिए, हीली ने कहा, "नहीं, उन्हें पद छोड़ने की जरूरत नहीं है। मैं 2018 में जो हुआ उसे लेकर फिर से घबराहट का माहौल नहीं बनाना चाहता। उस समय भी घबराहट में जल्दबाजी में जांच की गई थी। किसी से बात नहीं की गई और जांच बेहद खराब थी। मैं यह नहीं कह सकता कि उन्हें अभी पद छोड़ देना चाहिए या नहीं। क्या वह पद छोड़ेंगे, यह अलग बात है। हो सकता है कि वह खुद पद छोड़ दें।"

हीली ने 1988 से 1999 के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए 119 टेस्ट और 168 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे। उन्होंने कहा कि ताजा घटनाक्रम से कमिंस के अलावा जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नाथन लियोन की व्यक्तिगत छवि पर भी असर पड़ेगा। इन सभी ने कहा था कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की साजिश की जानकारी नहीं थी।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article