शहर

जेल से बाहर आकर INDIA गठबंधन पर ही भड़क उठे आजम खान, बोले- रामपुर में वोट लूट पर सब चुप क्यों थे?

Azam Khan On INDIA Bloc: आजम खान ने रामपुर के उस चुनाव को याद दिलाया, जिसे वे लोकतंत्र के लिए एक काला दिन मानते हैं। आजम के मुताबिक उस दौरान पुलिस के जवान हथियारों के साथ सड़कों पर उतर आए थे। लोगों को घरों से निकलकर वोट डालने से रोका गया था।

Image

आजम खान (फोटो साभार- ANI)

Azam Khan On INDIA Bloc: जेल से बाहर आने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने पहली बार मीडिया के सामने आकर ऐसा बयान दिया, जिसने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी। इस बार उनका निशाना सत्ताधारी दल नहीं, बल्कि विपक्ष का इंडिया गठबंधन था। आजम खान ने साफ कहा कि जब रामपुर में वोटों की लूट हो रही थी, तब गठबंधन के बड़े नेता चुप क्यों थे?

इंडिया गठबंधन पर भड़के आजम खान

आजम खान ने कहा कि उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा खुद बचानी होगी। अगर संस्थाएं कमजोर पड़ेंगी तो दुनिया को यही लगेगा कि यहां चुनाव निष्पक्ष नहीं होते। उन्होंने कहा कि इस पूरे खेल में सबसे ज्यादा नुकसान उन्हीं लोगों का हुआ, जो पहले से ही हाशिए पर थे और जिनकी आवाज कोई सुनने वाला नहीं था।

EC पर आजम खान का बड़ा आरोप

आजम खान ने रामपुर के उस चुनाव को याद दिलाया, जिसे वे लोकतंत्र के लिए एक काला दिन मानते हैं। आजम के मुताबिक उस दौरान पुलिस के जवान हथियारों के साथ सड़कों पर उतर आए थे। लोगों को घरों से निकलकर वोट डालने से रोका गया था। गलियों में सुरक्षा बलों का पहरा था और घरों के बाहर असामाजिक तत्व खड़े कर दिए गए थे। मतदाता डर के कारण अपने घरों में ही कैद होकर रह गए थे। आजम खान ने कहा कि यह सिर्फ रामपुर की घटना नहीं थी, यह एक पैटर्न की शुरुआत थी। अगर उसी समय इंडिया गठबंधन ने एकजुट होकर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया होता, तो आगे चलकर कुंदरकी, संभल, हरियाणा और बंगाल में जो हुआ, वह शायद नहीं होता। उन्होंने कहा कि तब सबने इसे सिर्फ आजम खान की व्यक्तिगत लड़ाई समझकर नजरअंदाज कर दिया।

'चुनाव नहीं अब इंकलाब आएगा'

अपने दर्द को सामने रखते हुए आजम ने कहा कि हो सकता है कि उन पर लगे दर्जनों मुकदमों की वजह से गठबंधन के नेताओं ने उनसे दूरी बना ली हो। उन्हें लगा हो कि आजम का साथ देने से उनकी छवि खराब हो जाएगी। लेकिन उन्होंने सवाल उठाया कि क्या लोकतंत्र की रक्षा के लिए किसी एक व्यक्ति की छवि से ज्यादा बड़ा मुद्दा नहीं था? प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजम खान ने कहा कि उन्हें न्याय मिला है और संविधान की भी रक्षा हुई है। कमजोर लोगों को जीने का अधिकार मिला है। अब वे आत्महत्या जैसा रास्ता चुनने को मजबूर नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि वे और उनके जैसे लोग संविधान के लिए जान देने को हमेशा तैयार रहे हैं। अंत में उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अब चुनाव नहीं होगा, इंकलाब आएगा। यह सिर्फ सत्ता का बदलाव नहीं होगा, बल्कि एक सैलाब होगा। अब लोग धर्म या जाति के नाम पर नहीं लड़ेंगे, अब लड़ाई मुद्दों पर होगी। रोजगार, शिक्षा, न्याय और सम्मान की लड़ाई होगी।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article