जयपुर : राजस्थान के सीनियर आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल की मुश्किलें विला और कॉटेज खरीद मामले में लगातार बढ़ती जा रही हैं। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है, जिसके बाद इस हाई-प्रोफाइल केस ने नया मोड़ ले लिया है। जांच में सामने आया है कि महज 35 दिन पहले ही शिखर अग्रवाल ने जयपुर के प्रसिद्ध अनंता रिसॉर्ट में अपने दोनों बेटों के नाम पर 24 विला खरीदे थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इन विला को महज 11-11 लाख रुपये की कीमत पर खरीदा गया, जबकि कंपनी के आधिकारिक ब्रोशर में इनकी कीमत 59-59 लाख रुपये दर्ज है। इस नए खुलासे के बाद शिखर अग्रवाल और उनके परिवार द्वारा खरीदे गए कुल विला और कॉटेज की संख्या 40 से बढ़कर सीधे 64 हो गई है।
इस पूरे मामले की जड़ में 40 विला-कॉटेज खरीद प्रकरण को लेकर एसीबी द्वारा दर्ज की गई एफआईआर है। एसीबी की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि उद्योग विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) के पद पर रहते हुए शिखर अग्रवाल ने अपने पद का कथित दुरुपयोग किया और संबंधित कंपनी को अनुचित लाभ पहुंचाया। जांच एजेंसी को कंपनी के रिसॉर्ट्स के लिए किए गए लैंड कन्वर्जन, प्रदूषण नियंत्रण मंडल की मंजूरियों और राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना के तहत दिए गए कस्टमाइज्ड पैकेज में गंभीर अनियमितताएं मिली हैं।
आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर के कई प्रॉपर्टी
आरोप है कि इसी के एवज में आईएएस शिखर अग्रवाल, उनकी आईपीएस पत्नी प्रशाखा माथुर और परिवार के अन्य सदस्यों ने करीब ढाई साल के भीतर एक ही कंपनी से 40 विला और कॉटेज बेहद कम दामों पर खरीदे थे। इस मामले के तूल पकड़ने के बाद 28 अक्टूबर की देर रात सरकार ने शिखर अग्रवाल को पद से हटाते हुए एपीओ (APO) कर दिया था।
इस बहुचर्चित मामले में एसीबी ने केवल अधिकारी ही नहीं, बल्कि प्रॉपर्टी बेचने वाली कंपनी पर भी शिकंजा कसा है। एसीबी ने गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड (अनंता कंपनी) के निदेशक मुकुंद शरण गोयल, प्रबंध निदेशक संजय गोयल और अन्य संबंधित लोगों को भी आरोपी बनाया है। उधर, विदेश यात्रा से लौटने के बाद एसीएस शिखर अग्रवाल ने एसीबी के समक्ष अपना पक्ष रखने का फैसला किया और 16 नवंबर को अपना विस्तृत प्रतिवेदन सौंपा।
इस प्रतिवेदन में उन्होंने स्वयं, अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों की संपत्तियों का पूरा ब्योरा दिया, जिसमें इसी वर्ष 15 अक्टूबर को दोनों बेटों के नाम जयपुर में खरीदे गए 24 विला की खरीद तिथि और कीमत की जानकारी भी शामिल थी। हालांकि, इस मामले में कानूनी राहत की उम्मीद लगाए बैठे शिखर अग्रवाल को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि गुरुवार को हुई सुनवाई में राजस्थान हाईकोर्ट ने उनकी याचिका पर किसी भी तरह की राहत देने से साफ इनकार कर दिया है।
प्रॉपर्टी के इस पूरे नेटवर्क और अनंता रिसॉर्ट की पृष्ठभूमि को समझें तो जयपुर स्थित यह आलीशान रिसॉर्ट करीब 40 एकड़ में फैला हुआ है, जिसमें कुल 270 विला बने हुए हैं। डेस्टिनेशन वेडिंग और आउटिंग के लिए यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग आते हैं। वर्तमान में अनंता रिसॉर्ट का मालिकाना हक (ओनरशिप) रवि सूर्या ग्रुप के पास है, जबकि इसके संचालन (ऑपरेशंस) की जिम्मेदारी ब्लैक रॉक ग्रुप संभाल रहा है।
शुरुआती दौर में गोयल फैशन्स प्राइवेट लिमिटेड का जुड़ाव रवि सूर्या ग्रुप के साथ रहा था, जिसके तहत गोयल फैशन्स के स्वामित्व में आए विला बाद में आईएएस शिखर अग्रवाल और उनके परिवार को बेचे गए। फिलहाल एसीबी की टीम इस पूरे लेन-देन और नियमों की अनदेखी की गहराई से पड़ताल कर रही है।
