क्रिकेट

CSK vs PBKS: चेन्नई को उसके घर में पटखनी देने के बाद क्या बोले पंजाब किंग्स के कप्तान

IPL 2026, CSK vs PBKS: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने सीएसके को आसानी से 5 विकेट से हरा दिया। पंजाब ने इस जीत के साथ सीजन में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस मैच में जीत के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी की जमकर तारीफ हो रही है।

Image

श्रेयस अय्यर (फोटो साभार- IPL/BCCI)

IPL 2026, CSK vs PBKS: श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को उसके घरेलू मैदान पर आसानी से 5 विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही पंजाब ने इस सीजन में अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की। शुक्रवार 3 अप्रैल को एमए चिदंबरम स्टेडियम में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने आयुष म्हात्रे की 43 गेंदों में शानदार 73 रनों की पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 209 रनों का स्कोर खड़ा किया। आयुष म्हात्रे के अलावा शिवम दुबे ने भी 27 गेंदों में 45 रनों की नाबाद पारी खेली। इस मैच में एक बार संजू सैमसन नाकाम रहे और मात्र 7 गेंदों की अपनी पारी में 7 रन बनाकर आउट हो गए।

चेन्नई को घर में हराकर जीता सीजन का लगातार दूसरा मैच

वहीं, दूसरी तरफ चेन्नई की तरफ से जीत के लिए मिले 210 रन के लक्ष्य को पंजाब किंग्स ने टीम ने टॉप ऑर्डर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत 8 गेंद शेष रहते 18.4 ओवरों में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। पंजाब के लिए सबसे ज्यादा रन खुद कप्तान श्रेयस अय्यर ने बनाए। उन्होंने 29 गेंदों में जबरदस्त 50 रन बनाए। कप्तान के अलावा प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों में 39 रन, प्रभसिमरन सिंह ने 34 गेंद में 43 रन और कूपर कोनोली ने 22 गेंद में 36 रनों की पारी खेलकर पंजाब की जीत में अहम योगदान दिया।

मैच में जीत के बाद क्या बोले पंजाब के कप्तान

इस मैच में जीत के बाद पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी की जमकर तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर पूर्व क्रिकेटर से लेकर क्रिकेट फैन्स उनकी बल्लेबाजी और कप्तानी के गुर की तारीफ करते नजर आ रहे हैं। वहीं मैच के बाद कप्तान अय्यर ने पंजाब की जीत पर कहा, 'मैदान पर उतरने से पहले एक चिंता होती है, लेकिन आज हमने जिस तरह से शुरुआत की, मुझे लगता है कि वह हमारे लिए एक बहुत अच्छी शुरुआत थी। प्रियांश और प्रभसिमरन ने शुरुआत में अच्छा काम किया और फिर हमें अंदर जाने के लिए बेंच पर बिठा दिया। जिस तरह से वे इतने सालों से बैटिंग कर रहे हैं, उन्हें शुरुआत देते देखना बहुत बढ़िया है और इससे हमारी रिदम स्टेबल हो जाती है।'

अय्यर ने कहा, 'मुझे खुशी है कि सभी को पहले दो गेम में ही बैटिंग करने का मौका मिल रहा है। इससे टीम को भी बहुत कॉन्फिडेंस मिलता है। जिससे आप जान सकते हैं कि प्रेशर वाली सिचुएशन में हमें कैसे हैंडल करना है। हमने ड्रेसिंग रूम में तय किया है कि चाहे कुछ भी हो जाए, हम ऐसी क्रिकेट खेलेंगे जो एक-दूसरे को इम्प्रेस करने के लिए हो, न कि बाहर के लोगों को। इससे हमें गेम के बारे में क्लैरिटी मिलती है। इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने के लिए हमें जरूरी था कि हम शांत रहकर अपने लक्ष्य पर फोकस करें। ओवर-रेट पर भी हमें ध्यान देने की जरूरत है। क्योंकि आखिरी 2 ओवर में 5 फील्डर आते हैं, तो आपको पता चल जाता है कि बॉलिंग के लिए सिर्फ एक ही लाइन है।'

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article