क्रिकेट

क्लीन स्वीप करने के बाद भी टीम इंडिया को करना होगा इन चीजों पर काम, जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज भले ही अपने नाम कर ली हो, लेकिन इस सीरीज में अय्यर एंड कंपनी की फील्डिंग सवालों के घेरे में है। एक अकेले तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 5 कैच छोड़े।

Image

भारतीय टीम (साभार-X)

भारत ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भले ही 3 मैच की टी20 सीरीज में जिम्बाब्वे का सूपड़ा साफ कर दिया हो, लेकिन इस जीत के बावजूद भी टीम की चिंताएं कम नहीं हुई है। ये वो कमियां हैं, जिसका जवाब आने वाले समय में टीम मैनेजमेंट को देना होगा। अगर टीम अगले टी20 वर्ल्ड कप में कमाल करना चाहती है तो उसे अपनी फील्डिंग पर काम करना होगा। जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम की फील्डिंग ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक अकेले तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने 5 कैच छोड़े।

हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारत ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराया और 3 मैच की टी20 सीरीज 3-0 से अपने नाम कर ली। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 192 रन बनाए और उसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे की टीम को 157 रन पर रोक लिया। इस सीरीज में टीम इंडिया की फील्डिंग चिंता का सबब बनकर सामने आई जो आगे चलकर टीम की जीत की राह में सबसे बड़ा रोड़ा बन सकती है।

तीसरे मुकाबले में छूटे कई कैच

जिम्बाब्वे के खिलाफ इस मुकाबले में कुल 5 कैच छूटे। तेज गेंदबाज और दूसरे मुकाबले में डेब्यू करन वाले यश ठाकुर की गेंद पर 3 कैच छूटे। किसी एक टी20 मैच में यह भारतीय टीम द्वारा छोड़ा गया चौथा सबसे ज्यादा कैच का रिकॉर्ड है। साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ मैच में भारतीय टीम ने 6 कैच छोड़े थे।

सीरीज में छूटे 10 कैच

केवल एक मैच की बात नहीं है, बल्कि 3 मैच की टी20 सीरीज में भारतीय टीम की फील्डिंग सवालों के घेरे में रही। इस सीरीज में 18 कैच भारतीय खिलाड़ियों द्वारा लिए गए जबकि 10 कैच 3 मैच में छूटे। इस मामले में जिम्बाब्वे की टीम उनसे कोसों आगे थी। जिम्बाब्वे की ओर से इस सीरीज में केवल एक कैच छोड़ा गया जबकि 12 कैच उसने पकड़े।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article