स्पोर्ट्स

CWG 2026 Day 4 Round-Up: ग्लास्गो में भारत के लिए धमाकेदार रहा चौथा दिन, दिन मीराबाई चानू जीता गोल्ड,ऋषिकांत और मुथुपांडी ने हासिल किया सिल्वर

ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों का चौथा दिन भारत के लिए शानदार रहा। भारतीय भारोत्तोलकों ने दिन में एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीत लिए। ऐसा रहा दिन के अन्य अहम खेलों और स्पर्धाओं का हाल।

Image

मीराबाई चानू(फोटो क्रेडिट AI Generated)

ग्लास्गो: 23वें राष्ट्रमंडल खेलों का चौथा दिन(26 जुलाई, 2026) भारत के लिए शानदार रहा। भारत ने रविवार को एक गोल्ड और दो रजत पदक सहित कुल तीन पदक अपने नाम किए। भारत के लिए स्वर्ण पदक महिलाओं की 48 किग्रा भारोत्तोलन में मीराबाई चानू ने जीता इसके अलावा ऋषिकांत सिंग भारोत्तोलन में पुरुषों की 60 किग्रा स्पर्धा में और राजा मुथुपांडी भारोत्तोलन में पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने में सफल रहे। इसके अलावा बॉक्सिंग रिंग, स्वीमिंग पूल से अच्छी खबर आई लेकिन लॉन बॉल्स में पदक जीतने की उम्मीदों को झटका लगा। भारत पदक तालिका में एक गोल्ड, 2 रजत और एक कांस्य पदक के साथ आठवें स्थान पर है। आइए जानते हैं भारतीय दल के लिए ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों का तीसरा दिन कैसा रहा।

मीराबाई चानू ने जीता गोल्ड

भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। मीराबाई की जीत को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं था। बस सवाल यह था कि मीराबाई अपनी सीमाओं को कितना आगे ले जाएंगी। और 31 साल की इस सुपरस्टार ने ताकत और संयम के शानदार प्रदर्शन के साथ रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराते हुए जबरदस्त अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने स्नैच स्पर्धा में राष्ट्रमंडल और राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया जबकि क्लीन एंव जर्क और कुल वजन में भी राष्ट्रमंडल खेलों के नए कीर्तिमान स्थापित किए। मीराबाई ने कुल 190 किलोग्राम, स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंव जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाया।

ऋषिकांत सिंह ने जीता सिल्वर

भारोत्तोलक ऋषिकांत सिंह पुरुषों की 60 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीता। ऋषिकांत ने स्नैच में 121 किग्रा वजन उठाकर खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि क्लीन एवं जर्क में वह केवल 143 किग्रा वजन ही उठा सके। इस तरह उन्होंने कुल 264 किग्रा भार उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। मलेशिया के बिन कसदान मोहम्मद अनीक ने कुल 273 किग्रा (121 और 152 किग्रा) वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता और खेलों का नया रिकॉर्ड भी बनाया। ऋषिकांत सिंह चोट के बावजूद रजत पदक जीतने में सफल रहे। घुटने की चोट के कारण वह स्वर्ण पदक की दौड़ में अपनी बढ़त बरकरार नहीं रख सके।

भारोत्तोलक मुथुपांडी ने 65 किग्रा वर्ग में हासिल किया रजत

भारोत्तोलक राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता। मुथुपांडी ने स्नैच में 126 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 160 किग्रा वजन उठाया, जिससे उनका कुल भार 286 किग्रा रहा। मलेशिया के मुहम्मद अजनिल बिन बिदिन ने राष्ट्रमंडल खेलों के रिकॉर्ड के साथ कुल 299 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पापुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू ने 282 किग्रा के कुल भार के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

200X4 तैराकी रिले के फाइनल में सातवें स्थान पर रहा भारत

भारतीय पुरुष चार गुणा 200 मीटर फ्रीस्टाइल रिले टीम को फाइनल में सातवें स्थान से संतोष करना पड़ा। फाइनल में भारतीय टीम 7:29.84 का समय निकाल सकी। ऑस्ट्रेलिया ने 7:01.47 के नए गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड मेडल जीता, इंग्लैंड ने 7:04.98 के समय के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया और वेल्स को 7:09.59 के समय के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल मिला। भारतीय टीम ने हीट में तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश कर पदक जीतने की उम्मीद कायम रखी थी। धक्षण शशिकुमार, अनीश सुनील कुमार गौड़ा, आर्यन नेहरा और श्रीहरि नटराज की भारतीय चौकड़ी ने सात मिनट 39.48 सेकंड का समय निकाला। टीम अपनी हीट में तैराकी की मजबूत टीमों ऑस्ट्रेलिया (7:08.66) और इंग्लैंड (7:18.13) के बाद तीसरे स्थान पर रही।

कनाडा के प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेने के कारण इस हीट में केवल चार टीमें उतरी थीं। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, भारत और जर्सी चारों ने आठ टीमों के फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया। दोनों हीट के संयुक्त परिणामों में भारत ने पांचवें सबसे तेज समय के साथ फाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, इंग्लैंड और वेल्स ने भारत से बेहतर समय दर्ज किया।

लॉन बॉल्स में निराशा लगी हाथ

भारत को राष्ट्रमंडल खेलों में रविवार को लॉन बॉल्स में निराशा हाथ लगी, जहां महिला युगल टीम इंग्लैंड से टाई-ब्रेकर में हारकर बाहर हो गई, जबकि पुरुष एकल में पुतुल सोनोवाल की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद भी टूट गई। पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की महिला युगल जोड़ी सेक्शन-बी के अपने अंतिम मुकाबले में इंग्लैंड से टाई-ब्रेकर में हार गई। दोनों टीमों ने एक-एक सेट जीता, जिसके बाद खेले गए निर्णायक एक-एंड टाई-ब्रेकर में इंग्लैंड ने 1-0 से जीत दर्ज कर 1-1 (3-4, 10-3) के परिणाम के साथ भारत को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर कर दिया।पुतुल सोनोवाल के रविवार को सेक्शन-डी के मैच में माल्टा के शॉन जेम्स पार्निस से 0.5-1.5 से हारने के बाद उनकी पुरुष एकल सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें खत्म हो गईं। अंक तालिका में तीसरे स्थान पर चल रहे सोनोवाल सोमवार को अपने अंतिम सेक्शन मुकाबले में सबसे निचले स्थान पर मौजूद केन्या के अनवर हमादा से भिड़ेंगे।

पाकिस्तानी मुक्केबाज के खिलाफ चमके जादूमणि

भारतीय मुक्केबाज जादूमणी सिंह ने पाकिस्तानी मुक्केबाज सुमामा रहमान को पुरुषों के 55 किग्राभार वर्ग स्पर्धा के राउंड-16 के मुकाबले में 5-0 के अंतर से मात देकर प्री क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है। भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से पाकिस्तानी मुक्केबाज की रिंग में एक नहीं चलने दी और तीन राउंड तक चले मुकाबले में मात दी। पांचों जज ने उनके पक्ष में एकतरफा निर्णय दिया। जादूमणी सिंह ने 30-27, 29-28, 30-27,29-28, 20-27 के अंतर से जीत दर्ज की।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article