स्पोर्ट्स

CWG 2026: भारोत्तोलक राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में हासिल किया रजत पदक, भारत के लिए शानदार रहा दिन

भारतीय भारोत्तोलक राजा मुथुपांडी ने राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीतकर चौथे दिन का शानदार अंत किया। भारत ने दिन में एक स्वर्ण और दो रजत पदक भारोत्तोलन में अपने नाम किए।

Image

राजा मुथुपांडी

ग्लास्गो: भारतीय भारोत्तोलक राजा मुथुपांडी ने रविवार को राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुषों के 65 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीता। इसके साथ ही भारोत्तोलन की तीनों स्पर्धाओं में भारत ने कम से कम एक पदक अपने नाम कर लिया। मुथुपांडी ने स्नैच में 126 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 160 किग्रा वजन उठाया, जिससे उनका कुल भार 286 किग्रा रहा। मलेशिया के मुहम्मद अजनिल बिन बिदिन ने राष्ट्रमंडल खेलों के रिकॉर्ड के साथ कुल 299 किग्रा वजन उठाकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि पापुआ न्यू गिनी के मोरिया बारू ने 282 किग्रा के कुल भार के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

भारत ने भारोत्तोलन में जीते तीन पदक

भारत के लिए भारोत्तोलन में आज तीसरा पदक रहा। दिन की शुरुआत भारोत्तोलक ऋषिकांत सिंह पुरुषों की 60 किग्रा भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर की थी वहीं दिन का अंत राजा मुथुपांडी ने 65 किग्रा भारवर्ग में रजत पदक हासिल करके किया। इसके साथ ही राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पदकों की संख्या एक गोल्ड, दो सिल्वर और एक कांस्य पदक सहित चार हो गई है।

माता-पिता को समर्पित किया पदक

ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने पर राजा मुथुपंडी ने कहा,'मेरे कोच ने मुझपर विश्वास जताया था कि हम गोल्ड मेडल जीतेंगे। लेकिन मेरी तरफ से कमी रही...मैं इस मेडल को मेरे माता-पिता और कोच को समर्पित करता हूं।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article