क्रिकेट

IND vs ZIM T20 Series 2026: जिंबाब्वे का सीरीज में सूपड़ा साफ करने के बाद जानिए क्या बोले कप्तान श्रेयस अय्यर?

सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिंबाब्वे के खिलाफ तीन मैच की टी20 सीरीज में टीम इंडिया की 3-0 के अंतर से जीत का श्रेय कप्तान श्रेयस अय्यर ने किसे दिया।

Image

भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट BCCI X)

हरारे: श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड में 0-2 और इंग्लैंड में 0-4 के अंतर से हार का सामना करने के बाद जिंबाब्वे दौरे पर सीरीज 3-0 के अंतर से अपने नाम करने में सफल रही। रविवार को हरारे में खेले गए तीसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 192 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके बाद 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जिंबाब्वे की टीम 7 विकेट पर 157 रन बना सकी और मुकाबला 35 रन के अंतर से गंवा दिया।

युवाओं को दिया जीत का श्रेय

अपनी कप्तानी में टीम इंडिया की पहली सीरीज जीत पर श्रेयस अय्यर संतुष्ट नजर आए। जीत के बाद श्रेयस ने कहा,'ये युवा खिलाड़ी कितनी निडरता से खेलते हैं। इनमें जबरदस्त ऊर्जा और सकारात्मक सोच है। कप्तान के तौर पर मैं खिलाड़ियों से इसी तरह की ऊर्जा की अपेक्षा करता हूं और इस श्रृंखला में वह देखने को मिली। यह खास जीत है। हमने बेहद पेशेवर अंदाज में खेला और 3-0 से जीत दर्ज की इसलिए यह जीत बहुत विशेष है।'

खिलाड़ी जिम्मेदारी लेते हैं तो जीत दिलाते हैं

अपनी कप्तानी के बारे में अय्यर ने कहा,'मैं हमेशा कोशिश करता हूं कि खिलाड़ी सहज और तनावमुक्त रहें। तभी उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकलकर आता है। जब खिलाड़ी जिम्मेदारी लेते हैं और टीम को मैच जिताते हैं, तो वही सबसे बड़ी बात होती है। हमारी टीम में जो संयम और आत्मविश्वास है, अगर आगे भी हम इसी साहस के साथ खेलते रहे, तो यह भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत अच्छा होगा।'

जिंबाब्वे के खिलाड़ियों ने भारत के खिलाफ सीखे सबक

वहीं जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा अब अपने देश के लिए सभी प्रारूपों में सबसे अधिक मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत के खिलाफ खेलना उनकी युवा टीम के लिए सीखने का बेहतरीन मौका रहा। हमारे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि यह अनुभव रहा।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article