स्पोर्ट्स

CWG 2026: पाकिस्तानी मुक्केबाज रहमान के खिलाफ धुरंधर बने भारत के जादूमणि सिंह, मात देकर की क्वार्टर फाइनल में एंट्री

भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी मुक्केबाज सुमामा रहमान को पुरुषों के 55 किग्राभार वर्ग स्पर्धा के राउंड-16 के मुकाबले में 5-0 के अंतर से मात देकर क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है।

Image

जादूमणि सिंह (फोटो क्रेडिट SAI)

ग्लास्गो: भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह ने पाकिस्तानी मुक्केबाज सुमामा रहमान को पुरुषों के 55 किग्राभार वर्ग स्पर्धा के राउंड-16 के मुकाबले में 5-0 के अंतर से मात देकर क्वार्टर फाइनल में एंट्री कर ली है। भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से पाकिस्तानी मुक्केबाज की रिंग में एक नहीं चलने दी और तीन राउंड तक चले मुकाबले में मात दी। पांचों जज ने उनके पक्ष में एकतरफा निर्णय दिया। जादूमणि सिंह ने एक तरफा अंदाज में 30-27, 29-28, 30-27,29-28, 20-27 के अंतर से जीत दर्ज की।जादूमणि के सामने मंगलवार को खेले जाने वाले क्वार्टर फाइनल में जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले की चुनौती होगी। जादूमणि अब पदक से सिर्फ एक जीत दूर हैं।

कारगिल के शहीदों के समर्पित की जीत

भारतीय सेना में कार्यरत जादूमणि सिंह ने अपनी जीत कारगिल के वीर सपूतों को समर्पित की। उन्होंने एक और शानदार प्रदर्शन के बाद अपना लक्ष्य दोहराया। उन्होंने कहा, 'मैं यह जीत करगिल के वीरों को समर्पित करना चाहता हूं। मैं सभी को हराकर भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना चाहता हूं।'

जादूमणि और सुमामा के बीच हुई धमाकेदार भिड़ंत

बॉक्सिंग रिंग में भारत और पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता हमेशा से ही जबरदस्त रही है। ये मुकाबला भी उस कसौटी पर खरा उतरा। मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे के प्रति सम्मान नहीं दिखाया और पुरजोर तरीके और इरादे के साथ एक-दूसरे पर हमले किए। इस मुकाबले में स्किल, स्पीड और टैक्टिकल समझ का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला, जिसने दर्शकों को आखिरी सेकंड तक बांधे रखा। जादुमणि सिंह राउंड ऑफ 32 में स्कॉटलैंड के एरन कलन को हराकर प्रभावित किया था और रहमान के खिलाफ मुकाबले में भी उसी शानदार फॉर्म को जारी रखा। वो अब कांस्य पदक जीतने से एक कदम की दूरी पर रह गए हैं।

पहले राउंड में सुमामा को मिला था बाय

पाकिस्तानी मुक्केबाज सुमामा रहमान को शुरुआती राउंड में 'बाय' मिला था और वे इस मुकाबले में पूरी तरह ताजगी के साथ उतरे थे वो इसका फायदा उठाने में नाकाम रहे। जादूमणि सिंह के खिलाफ उनकी नहीं चली और 0-5 के अंतर से उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा और उनका ग्लास्गो राष्टमंडल खेलों में सफर भी इसके साथ खत्म हो गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article