Jammu Kashmir School Closed News: जम्मू कश्मीर में लगातार बारिश का दौर जारी। लगातार भारी बारिश और जलजमाव के चलते स्कूल की कई बिल्डिंगे क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके चलते जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने सभी डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया है कि हाल की बारिश के कारण असुरक्षित या क्षतिग्रस्त पाई गई स्कूल की इमारतों को तुरंत बंद कर दिया जाए और जरूरी मरम्मत पूरी होने तक उनका इस्तेमाल न किया जाए। एक सरकारी प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने बताया कि सभी मुख्य कृषि अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में किसानों को हुए फसल के नुकसान का आकलन करने और उचित मदद देने के लिए जल्द से जल्द रिपोर्ट सौंपने का भी निर्देश दिया गया है।
स्कूल इमारतों के मरम्मत का आदेश
यह निर्देश डिविजनल कमिश्नर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान जारी किए गए, जिसमें जम्मू डिविजन के सभी जिलों में हाल की भारी बारिश से हुए नुकसान का आकलन किया गया। बैठक में बहाली के कामों, राहत उपायों और ज़िला प्रशासन के कुल कामकाज की प्रगति की भी समीक्षा की गई। छात्रों की सुरक्षा को सबसे अहम बताते हुए, डिविजनल कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे बिना देरी किए जोखिम वाली स्कूल इमारतों की पहचान करें और मरम्मत के बाद संरचनात्मक रूप से सुरक्षित घोषित होने तक उनके इस्तेमाल को रोकें।
बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर के सुधार का आदेश
कुमार ने जम्मू पावर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर को निर्देश दिया कि वे क्षतिग्रस्त बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े सभी बहाली के कामों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना सुनिश्चित करें ताकि प्रभावित इलाकों में बिजली सप्लाई जल्द से जल्द सामान्य हो सके।राहत कार्यों की गति की समीक्षा करते हुए, उन्होंने सभी जिलों में प्रभावित परिवारों को दी जाने वाली मुआवज़ा राशि (एक्स-ग्रेशिया) के वितरण का जायज़ा लिया और डिप्टी कमिश्नरों को प्रक्रिया में तेज़ी लाने का निर्देश दिया ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए।
उन्होंने निर्देश दिया कि भूस्खलन, पत्थर गिरने या क्षति के कारण बंद हुई सड़कों को युद्धस्तर पर बहाल किया जाए और यातायात के लिए खोला जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि आगे की बारिश की स्थिति में जलभराव को रोकने के लिए नालियों और जलमार्गों की तत्काल मरम्मत और गाद निकालने का काम शुरू किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मंडल भर में नदियों, नालों और धाराओं के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को समय रहते सूचित किया जाए।
मंडल आयुक्त ने आश्वासन दिया कि प्रशासन मौजूदा मौसम से उत्पन्न किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है और जनता से जिला प्रशासन के साथ सहयोग करने और सलाहों का पालन करने की अपील की।
इनपुट - भाषा
