Royal Challengers Bengaluru vs Sunrisers Hyderabad Preview: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का की शुरुआत शनिवार को बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में गत विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले के साथ होने जा रहा है। रजत पाटीदार की कप्तानी में 3 जून, 2025 को पहली बार आईपीएल ट्रॉफी पर आरसीबी ने कब्जा किया था। उसके एक दिन बार चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत ने आरसीबी के जीत के जश्न को मातम में बदल दिया था। इस घटना के बाद एक सदस्यीय आयोग ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में मैच के आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया था। ऐसे में वेंकटेश प्रसाद के कर्नाटक क्रिकेट संघ का अध्यक्ष चुने जाने के बाद परिस्थितियों में बदलाव हुआ और चिन्नास्वामी स्टेडियम में बदलाव किए जाने पर सहमति बनने के बाद चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल की वापसी उद्धाटन मुकाबले के साथ होने जा रही है।
10 महीने बाद बेंगलुरू में होगी क्रिकेट की वापसी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के टीम मैनेजमेंट ने पिछले साल की दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रशंसकों को श्रद्धांजलि देते हुए पूरे सीजन के लिए स्टेडियम की 11 सीटें खाली रखने का फैसला किया। इसके अलावा उद्धाटन समारोह को भी उस घटना की वजह से रद्द कर दिया गया है। ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और हैदराबाद की टीमें एक दूसरे के सामने उद्धाटन मैच में उतरेंगी। चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की तकरीबन एक साल बाद वापसी से निश्चित तौर पर बेंगलुरू के प्रशंसकों के चेहरे पर मुस्कान लौट आएगी।
प्लेइंग-11 का चुनाव है आरसीबी के लिए चुनौती
आरसीबी और हैदराबाद के बीच मुकाबले में सबकी नजरें विराट कोहली पर होंगी। टेस्ट और टी20 क्रिकेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली का दीदार चिन्नास्वामी के प्रशंसक 9 महीने बाद दीदार करेंगे। आरसीबी की टीम के सौदे के बाद नए टीम मैनेजमेंट की देखरेख में मैदान पर उतरेगी। खिताबी जीत का स्वाद चख चुकी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू लगातार दूसरी बार खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी। रजत पाटीदार चोट से उबरकर टीम की कमान संभालने जा रहे है। ऐसे में प्लेइंग-11 का चुनाव आरसीबी के लिए थोड़ा से मुश्किल काम होगा। प्लेइंग-11 में विराट कोहली, रजत पाटादीर, जीतेश शर्मा, फिल साल्ट, भुवनेश्वर कुमार,क्रुणाल पाड्या होंगे। इसके अलावा वेंकटेश अय्यर को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में मौका मिल सकता है। अय्यर को नीलामी में आरसीबी ने अपनी टीम में शामिल किया था। गेंदबाजी का जिम्मा भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पांड्या संभालेंगे। ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल किए गए मंगेश यादव को भी मौका मिल सकता है। सही टीम संयोजन की तलाश ही आरसीबी के सामने पहले मैच में सबसे बड़ी चुनौती होगी। विदेशी खिलाड़ियों के रूप में प्लेइंग 11 में फिल साल्ट, रोमारियो शेफर्ड, जैकब डफी और टिम डेविड को जगह मिलेगी।
हैदराबाद के बल्लेबाजों को दिखाना होगा दम
पिछले सीजन छठे पायदान पर रहने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की कमान ईशान किशन संभालने जा रहे हैं। टीम पूरी तरह टॉप ऑर्डर पर निर्भर है। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की आतिशी जोड़ी ने पिछले सीजन भी धमाल मचाया था। इस बार अगर दोनों का बल्ला चल निकला तो आईपीएल 2026 के पहले मैच में ही चिन्नास्वामी स्टेडियम में 300 रन का स्कोर देखने को मिल सकता है। अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड दोनों का बल्ला टी20 विश्व कप में नहीं चला था। ऐसे में अभिषेक और हेड दोनों ही फॉर्म में लौटना चाहेंगे। हेनरिक क्लासेन भी अपनी खोई चमक हासिल करना चाहेंगे। हैदराबाद की गेंदबाजी कमजोर कड़ी है। ऐसे में गेंदबाजी का जिम्मा दो बार के पर्पल कैप विजेता हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स संभालेंगे। स्पिन गेंदबाजी की जिम्मेदारी हर्ष दुबे और लियाम लिविंगस्टन पर होगी। टीम में बतौर ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी संभालेंगे।
आरसीबी के गेंदबाज करेंगे हार जीत का फैसला
कुल मिलाकर देखें तो यह मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के गेंदबाजों के बीच है। आरसीबी की बल्लेबाजी में दम है लेकिन जीत दिलाने की जिम्मेदारी उनके गेंदबाजों को निभानी होगी। अगर बेंगलुरू के गेंदबाज हैदराबाद के आतिशी बल्लेबाजों को रोकने में सफल रहे तो आरसीबी के लिए घरेलू दर्शकों के सामने सीजन की जीत के साथ शुरुआत करना आसान हो जाएगा।
बेंगलुरू और हैदराबाद की आईपीएल 2026 टीमें (RCB and SRH IPL 2026 Full Squads)
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू की आईपीएल 2026 की टीमः(Royal Challengers Bengaluru Full Squad)
विराट कोहली, जोश हेज़लवुड, फिल सॉल्ट, रजत पाटीदार(कप्तान) जितेश शर्मा(विकेटकीपर), भुवनेश्वर कुमार, रसिख सलाम,क्रुणाल पांड्या, यश दयाल, टिम डेविड, सुयश शर्मा, जैकब बेथेल,देवदत्त पडिक्कल, नुवान तुषारा, रोमारियो शेफर्ड, स्वप्निल सिंह, अभिनंदन सिंह, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, विकी ओस्टवाल, कनिष्क चौहान, जॉर्डन कॉक्स, विहान मल्होत्रा।
सनराइजर्स हैदराबाद की आईपीएल 2026 की टीमः (Sunrisers Hyderabad Bengaluru Full Squad)
पैट कमिंस (कप्तान), नीतीश रेड्डी, अभिषेक शर्मा, एस रविचंद्रन, अनिकेत वर्मा, ट्रेविस हेड, शिवम मावी, क्रायंस फुलेट्रा, प्रफुल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तुकाराम तरमले, साकिब हुसैन, जीशान अंसारी, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, ब्रायडन कार्स, सलिल अरोड़ा, हेनरिक क्लासन (विकेटकीपर), ईशान किशन (कार्यवाहक कप्तान और विकेटकीपर), शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, लियाम लिविंगस्टोन और कमिंदु मेंडिस।
मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।
